आवास निर्माण के लिए 3 लाख और विवाह के लिए 2 लाख रुपये तक की सहायता से संवर रही जरूरतमंद बच्चों एवं युवाओं की जिंदगी
देवभूमि न्यूज 24
शिमला, माता-पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद बच्चों के सामने जीवनयापन, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य की अनेक चुनौतियां खड़ी हो जाती हैं। ऐसे कठिन समय में हिमाचल प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना निराश्रित बच्चों और जरूरतमंद युवाओं के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। योजना के माध्यम से उन्हें आर्थिक सहायता, आवास, शिक्षा, कौशल विकास, विवाह अनुदान और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध करवाकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की यह पहल जरूरतमंद बच्चों को आर्थिक सहयोग देने के साथ-साथ उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने और अपने सपनों को साकार करने का अवसर प्रदान कर रही है। जिला शिमला में योजना के सकारात्मक परिणाम अंकित कुमार और अभिषेक कुमार जैसे युवाओं की प्रेरणादायक कहानियों में देखने को मिल रहे हैं।
तीन लाख रुपये की सहायता से साकार हो रहा अंकित का अपने घर का सपना
जिला शिमला की ठियोग तहसील के ग्राम बशनोग, डाकघर सरीवन निवासी अंकित कुमार, पुत्र स्वर्गीय राजू, के जीवन में माता-पिता के निधन के बाद मुश्किलों का दौर शुरू हो गया था। माता-पिता का साथ छूटने के बाद उनकी नानी ने उनका पालन-पोषण किया और हर संभव तरीके से उन्हें सहारा दिया। हालांकि, परिवार के पास अपना मकान नहीं होने के कारण सुरक्षित भविष्य की चिंता बनी रहती थी।
ऐसे कठिन समय में मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना उनके लिए सहारा बनी। योजना के तहत आवास निर्माण के लिए आवेदन करने पर अंकित कुमार को तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। इस मदद से उनके अपने घर का सपना साकार होने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा है।
इसके अतिरिक्त, अंकित को विवाह के लिए भी दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली है। आवास निर्माण और विवाह अनुदान के माध्यम से प्राप्त सहयोग ने उनके जीवन में स्थिरता और सुरक्षा की नई उम्मीद जगाई है।
माता-पिता को खोने के बाद अब अपना आशियाना बना रहे अभिषेक
रामपुर तहसील के गांव रुनपू, डाकघर किन्नू निवासी 24 वर्षीय अभिषेक कुमार की कहानी संघर्ष, संकल्प और आत्मनिर्भरता की मिसाल है। जब वह मात्र 10 वर्ष के थे, तभी उनके पिता प्यारे लाल का अचानक निधन हो गया। इसके लगभग दो वर्ष बाद बीमारी के कारण उनकी माता का भी निधन हो गया।
कम उम्र में माता-पिता दोनों को खोने के बाद उनके चाचा ने उनकी देखभाल की। बाद में अभिषेक को बाल आश्रम भेज दिया गया, जहां रहते हुए उन्होंने दसवीं कक्षा तक की पढ़ाई पूरी की।
शिक्षा पूरी करने के बाद अभिषेक ने अपने पैरों पर खड़े होने के लिए इलेक्ट्रीशियन का काम सीखना शुरू किया। उनकी बड़ी बहन ने उन्हें यह हुनर सीखने के लिए प्रेरित किया। इससे उनमें आत्मनिर्भर बनने का विश्वास पैदा हुआ। कुछ समय बाद वह अपने गांव लौट आए।
इसी दौरान गांव की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से उन्हें मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना की जानकारी मिली। आवास सहायता के लिए आवेदन करने में भी उन्हें सहयोग प्राप्त हुआ। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद योजना के तहत उन्हें मकान निर्माण के लिए तीन लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली।
अभिषेक के माता-पिता का पुराना मकान समय के साथ जर्जर हो चुका था। अब सरकारी सहायता मिलने के बाद उन्होंने उसी स्थान पर नए घर का निर्माण शुरू कर दिया है। वर्षों से अपने घर का सपना संजोए अभिषेक के लिए यह सहायता सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई है।
अभिषेक मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और हिमाचल प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं, “कल तक मेरे पास अपना घर नहीं था, आज उसी सपने की नींव रखी जा चुकी है। मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना ने मुझे सिर्फ आर्थिक सहायता नहीं दी, बल्कि अपने भविष्य को संवारने का विश्वास भी दिया है।”
शिमला जिले में 257 बच्चों को मिल रही सामाजिक सुरक्षा
जिला कार्यक्रम अधिकारी, समेकित बाल विकास सेवा, ममता पॉल ने बताया कि मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के अंतर्गत जिला शिमला में विभिन्न समेकित बाल विकास सेवा (आईसीडीएस) परियोजनाओं के माध्यम से शून्य से 27 वर्ष आयु वर्ग के 257 बच्चों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, जिले के 12 बाल-बालिका देखभाल संस्थानों में रह रहे 237 बच्चों को सामाजिक सुरक्षा के साथ त्योहार अनुदान, ग्रीष्मकालीन एवं शीतकालीन वस्त्र तथा पौष्टिक आहार जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि जिले में योजना के तहत अब तक 30 चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट को आवास निर्माण, 12 को विवाह अनुदान, 19 को उच्च शिक्षा, 11 को व्यावसायिक शिक्षा, आठ को प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग तथा आठ को स्टार्टअप शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
योजना के माध्यम से बच्चों और युवाओं को उनकी जरूरतों के अनुरूप सहयोग देकर शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और सामाजिक पुनर्वास की दिशा में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।
संरक्षण से आत्मनिर्भरता तक, उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव
मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना का उद्देश्य निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों को संरक्षण, शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार, आवास और सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध करवाकर आत्मनिर्भर बनाना है। यह योजना सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है कि विपरीत परिस्थितियों के कारण किसी बच्चे या युवा के सपने अधूरे न रह जाएं और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए आवश्यक सहयोग मिल सके।
अंकित कुमार को आवास और विवाह के लिए मिली सहायता तथा अभिषेक कुमार के नए घर का सपना साकार होने की दिशा में बढ़ते कदम इस बात के उदाहरण हैं कि समय पर मिलने वाला सहयोग किसी के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।
जिला शिमला में योजना के तहत किए जा रहे प्रयास जरूरतमंद बच्चों और युवाओं को सुरक्षा प्रदान करने के साथ उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य के प्रति आशा भी जगा रहे हैं।
पात्र बच्चों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध जिला प्रशासन : उपायुक्त
उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और इसके लाभ पात्र बच्चों एवं युवाओं तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ उन्हें योजना के विभिन्न प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र बच्चा या युवा लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि विभागीय समन्वय के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाने, पात्र मामलों का समयबद्ध निपटारा करने तथा लाभार्थियों को आवास, शिक्षा, कौशल विकास, विवाह अनुदान और स्वरोजगार के लिए उपलब्ध सहायता प्रदान करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि योजना के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाती हैं। इसके साथ ही जिले में विभिन्न स्थानों पर जाकर लाभार्थियों से मुलाकात कर योजना के क्रियान्वयन की निगरानी भी की जाती है।
जिला प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के माध्यम से निराश्रित एवं जरूरतमंद बच्चों और युवाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन जीने के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध करवाना है।
जीवन को बेहतर बनाने वाले आध्यात्मिक लेखों तथा गांव, देश-विदेश की खबरों के लिए पढ़ते रहिए देवभूमि न्यूज 24।








