अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस 2026: सुरक्षित घर से ही बनेगा आपदा-रोधी आपदा

Share this post


देवभूमि न्यूज 24
इस वर्ष की थीम—‘लचीलापन घर से शुरू होता है’; हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्य में सुरक्षित आवास, जन-जागरूकता और सामुदायिक तैयारी की अहम भूमिका आपदा कभी चेतावनी देकर नहीं आती, लेकिन उससे होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि हम आपदा आने के बाद राहत और बचाव की तैयारी करने के बजाय पहले से ही जोखिमों को पहचानें, सुरक्षित निर्माण को प्राथमिकता दें और प्रत्येक नागरिक को आपदा से निपटने के लिए तैयार करें। इसी उद्देश्य के साथ प्रत्येक वर्ष 13 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस (International Day for Disaster Risk Reduction—IDDRR) मनाया जाता है। वर्ष 2026 में इस दिवस की थीम “Resilience Starts at Home” अर्थात “लचीलापन घर से शुरू होता है” रखी गई है। संयुक्त राष्ट्र आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्यालय (UNDRR ) द्वारा निर्धारित यह विषय इस बात पर जोर देता है कि आपदाओं से सुरक्षा की शुरुआत हमारे अपने घर, परिवार और आसपास के वातावरण से होती है। सुरक्षित घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि आपदा के समय जीवन बचाने वाली पहली सुरक्षा व्यवस्था भी है। प्राकृतिक सौंदर्य, ऊंचे पर्वतों, नदियों और घाटियों से समृद्ध हिमाचल प्रदेश भूकंप, भूस्खलन, बादल फटने, अचानक बाढ़, भारी वर्षा, हिमस्खलन और जंगल की आग जैसी विभिन्न आपदाओं के प्रति संवेदनशील है। जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, अनियोजित निर्माण, प्राकृतिक जल निकासी मार्गों में अवरोध तथा पर्यावरणीय असंतुलन कई क्षेत्रों में जोखिम को और बढ़ा सकते हैं। वर्ष 2023 के मानसून के दौरान हिमाचल प्रदेश में आई भीषण आपदाओं ने यह स्पष्ट कर दिया कि प्राकृतिक घटनाओं के प्रभाव केवल जान-माल के नुकसान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि सड़क, पुल, आवास, कृषि, पेयजल व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी प्रभावित करते हैं। ऐसे अनुभव हमें सिखाते हैं कि आपदा प्रबंधन केवल राहत एवं बचाव तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि जोखिम न्यूनीकरण को विकास की प्रत्येक योजना का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। जिला ऊना की भौगोलिक परिस्थितियां भी विशेष सतर्कता की मांग करती हैं। जिले में स्वां नदी और इसकी सहायक खड्डों के आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ एवं जलभराव, बरसात के दौरान सड़क दुर्घटनाएं, गर्मियों में आगजनी, लू तथा औद्योगिक क्षेत्रों में रासायनिक और अग्नि संबंधी दुर्घटनाओं की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए नियमित तैयारी जरूरी है। बदलते मौसम के बीच शीतलहर, घना कोहरा और सर्दियों में आग लगने की घटनाएं भी जनजीवन को प्रभावित कर सकती हैं। वर्ष 2026 की थीम हमें याद दिलाती है कि आपदा जोखिम न्यूनीकरण की शुरुआत घर से ही होनी चाहिए। भवन का निर्माण करते समय स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों, मिट्टी की प्रकृति, भूकंप संबंधी मानकों और भवन निर्माण नियमों का पालन करना अत्यंत आवश्यक है। पहाड़ी क्षेत्रों में ढलानों की स्थिरता, उचित जल निकासी और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी पर निर्माण को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। पुराने, कमजोर और क्षतिग्रस्त भवनों की समय-समय पर जांच करवाई जानी चाहिए। घरों में बिजली की खराब वायरिंग, गैस सिलेंडर का अनुचित उपयोग, ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित भंडारण तथा निकास मार्गों में अवरोध जैसी छोटी लापरवाहियां बड़ी दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं। प्रत्येक परिवार को अपने घर में एक छोटा आपातकालीन किट तैयार रखना चाहिए। इसमें प्राथमिक उपचार सामग्री, टॉर्च, अतिरिक्त बैटरियां, आवश्यक दवाइयां, पीने का पानी, कुछ सूखा भोजन, सीटी, जरूरी दस्तावेजों की प्रतियां और मोबाइल चार्ज करने के वैकल्पिक साधन शामिल किए जा सकते हैं। परिवार के सभी सदस्यों को निकटतम सुरक्षित स्थान, घर से बाहर निकलने के वैकल्पिक रास्तों और आपातकालीन संपर्क नंबरों की जानकारी होनी चाहिए। आपदा के समय सही निर्णय लेने के लिए जागरूकता और अभ्यास बेहद जरूरी हैं। भूकंप आने पर ‘ड्रॉप, कवर और होल्ड’ यानी झुकें, मजबूत मेज या सुरक्षित आड़ के नीचे शरण लें और उसे मजबूती से पकड़े रहें जैसे उपायों का अभ्यास जीवन बचाने में मदद कर सकता है। बाढ़ की चेतावनी मिलने पर नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहना चाहिए। भूस्खलन संभावित स्थानों पर दरारें, पत्थरों का गिरना अथवा जमीन में असामान्य बदलाव दिखाई देने पर तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर जाना चाहिए। प्रत्येक परिवार को यह भी सुनिश्चित करना चाहिए कि बच्चे, बुजुर्ग, दिव्यांगजन और गंभीर रूप से बीमार व्यक्तियों के लिए आपातकालीन निकासी की विशेष व्यवस्था हो। आपदा के समय सबसे अधिक कठिनाई उन लोगों को होती है जिन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचने के लिए दूसरों की सहायता की आवश्यकता होती है। इसलिए परिवार और समुदाय की तैयारी समावेशी होनी चाहिए। विद्यालयों, अस्पतालों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करना भी जरूरी है। मॉक ड्रिल केवल औपचारिक गतिविधि नहीं, बल्कि आपात स्थिति में उपलब्ध संसाधनों, निकासी मार्गों, संचार व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की वास्तविक तैयारी को परखने का माध्यम है। आपदा जोखिम न्यूनीकरण में पंचायती राज संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। ग्राम पंचायतें स्थानीय स्तर पर संवेदनशील स्थानों की पहचान, सुरक्षित निकासी मार्गों का निर्धारण, उपलब्ध संसाधनों की सूची तैयार करने और ग्राम आपदा प्रबंधन योजना बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। ग्राम सभा की बैठकों में आपदा सुरक्षा पर चर्चा, स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण, प्राथमिक उपचार का अभ्यास और स्थानीय चेतावनी व्यवस्था को मजबूत करना प्रभावी कदम हो सकते हैं। पंचायत प्रतिनिधियों को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि गांव में रहने वाले प्रत्येक परिवार तक आवश्यक जानकारी पहुंचे और आपदा के समय सहायता प्राप्त करने की व्यवस्था स्पष्ट हो। इसी प्रकार, आपदा मित्र जैसे प्रशिक्षित स्वयंसेवक समुदाय और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी बन सकते हैं। वे जन-जागरूकता, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी और स्थानीय स्तर पर प्रारंभिक सहायता उपलब्ध कराने में योगदान दे सकते हैं। हालांकि, जोखिमपूर्ण बचाव अभियानों में उन्हें संबंधित प्रशिक्षित एवं अधिकृत बचाव दलों के निर्देशों का पालन करना चाहिए। आधुनिक तकनीक ने आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने के अवसर प्रदान किए हैं। मौसम संबंधी पूर्वानुमान, बाढ़ चेतावनी, भौगोलिक सूचना प्रणाली, मोबाइल आधारित सूचना और डिजिटल रिपोर्टिंग के माध्यम से जोखिम वाले क्षेत्रों की पहचान तथा समय पर कार्रवाई को बेहतर बनाया जा सकता है। हिमाचल प्रदेश में स्थानीय स्तर पर आपदा संबंधी सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान, संवेदनशील स्थानों की पहचान और प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करने के लिए डिजिटल साधनों का उपयोग महत्वपूर्ण है। नागरिकों को भी चाहिए कि वे केवल आधिकारिक एवं विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त चेतावनियों पर भरोसा करें और अपुष्ट संदेशों को आगे न फैलाएं। जिला स्तर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA), संबंधित विभागों, स्थानीय प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन सेवाओं, स्वास्थ्य विभाग, पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों के बीच बेहतर समन्वय आपदा के प्रभाव को कम करने में अहम भूमिका निभाता है। इसके साथ ही नागरिकों की सक्रिय भागीदारी और समय पर सूचना देना भी उतना ही आवश्यक है। आपदा जोखिम न्यूनीकरण का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय संभावित खतरों को नजरअंदाज न किया जाए। सड़क निर्माण, भवन निर्माण, औद्योगिक विकास, जल निकासी व्यवस्था और शहरी विस्तार के दौरान स्थानीय आपदा जोखिमों का आकलन किया जाना चाहिए। नदियों और खड्डों के प्राकृतिक प्रवाह को बाधित करना, जल निकासी मार्गों पर अतिक्रमण, अस्थिर ढलानों पर असुरक्षित निर्माण और भवन निर्माण मानकों की अनदेखी भविष्य में बड़े नुकसान का कारण बन सकती है। इसलिए सुरक्षित निर्माण, पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक योजना और नियमों का प्रभावी अनुपालन केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की साझा जिम्मेदारी है। आपदा से होने वाले नुकसान की तुलना में पहले से सुरक्षा उपायों पर किया गया निवेश अधिक उपयोगी साबित हो सकता है। सुरक्षित भवन, प्रशिक्षित मानव संसाधन, मजबूत चेतावनी प्रणाली और नियमित अभ्यास न केवल जीवन बचाते हैं, बल्कि आपदा के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण पर होने वाले खर्च को भी कम करने में मदद करते हैं। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि अपनी तैयारियों की समीक्षा करने और व्यवहार में बदलाव लाने का अवसर है। इस दिन प्रत्येक परिवार अपने घर की सुरक्षा जांचने, आपातकालीन किट तैयार करने, निकासी मार्ग निर्धारित करने और परिवार के सदस्यों को आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी देने का संकल्प ले सकता है। विद्यालयों में सुरक्षा अभ्यास, पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम, औद्योगिक प्रतिष्ठानों में मॉक ड्रिल और समुदायों में स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण इस दिशा में ठोस कदम हैं। प्रशासन, संस्थानों और नागरिकों को मिलकर ऐसी व्यवस्था विकसित करनी होगी, जिसमें आपदा की चेतावनी समय पर पहुंचे, लोग उसका अर्थ समझें और सुरक्षित कार्रवाई कर सकें। अंततः, आपदाओं को हमेशा रोका नहीं जा सकता, लेकिन उनसे होने वाले नुकसान को कम करना हमारे हाथ में है। सुरक्षित घर, जागरूक परिवार, तैयार समुदाय और संवेदनशील प्रशासन मिलकर एक आपदा-रोधी समाज का निर्माण कर सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस 2026 का संदेश स्पष्ट है—आपदा से सुरक्षा की शुरुआत कहीं दूर से नहीं, बल्कि अपने घर से होती है। “सुरक्षित घर, जागरूक परिवार—आपदा-रोधी समाज का मजबूत आधार”

लेखक: राजन कुमार शर्मा
गांव डुगली, उप तहसील लंबलू,
जिला हमीरपुर हिमाचल प्रदेश-177029

देश दुनिया की खबरों को पढ़ते रहे
devbhuminews 24.in
समाचार, विज्ञापन:9816216579