भाजपा जिला प्रवक्ता ने कांग्रेस पर लगाए फर्जी वोट बनवाने के आरोप, मुख्य चुनाव आयुक्त का किया समर्थन
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन (सिरमौर)। भाजपा के जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने मीडिया को जारी बयान में कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से कांग्रेस के नेता आखिर इतने घबराए हुए क्यों हैं? उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि देश में अलग-अलग समय पर यह प्रक्रिया अपनाई जाती रही है।
प्रताप सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 1952 से 1956 और 1957 से 1961 के दौरान देश के प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू थे। वर्ष 1965 से 1966 के दौरान लाल बहादुर शास्त्री, 1983 से 1984 के दौरान इंदिरा गांधी तथा 1987 से 1989 के दौरान राजीव गांधी प्रधानमंत्री रहे। इसी तरह वर्ष 1992 से 1995 के दौरान पी.वी. नरसिम्हा राव के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार थी। उन्होंने कहा कि विभिन्न समय पर मतदाता सूचियों का पुनरीक्षण होता रहा है और अब लंबे अंतराल के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के कार्यकाल में यह प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
भाजपा जिला प्रवक्ता ने कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया है, जिसे आयोग नियमानुसार समय-समय पर करवा सकता है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से सवाल किया कि जब मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक नियमित चुनावी प्रक्रिया है, तो इसे वोट चोरी से जोड़ने का क्या औचित्य है?
उन्होंने कहा कि जिन मतदाताओं के पास नियमानुसार आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं, उनके नाम मतदाता सूची में शामिल किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। वहीं, मतदाता सूची में नाम शामिल करने और हटाने की कार्रवाई निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं के अनुसार ही होनी चाहिए।
प्रताप सिंह रावत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसे निष्पक्ष तरीके से अपना कार्य करने देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आयोग की ओर से मतदाता सूची को दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
भाजपा जिला प्रवक्ता ने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में फर्जी मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रवृत्ति रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के माध्यम से अनियमितताओं पर रोक लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उनके अनुसार, इसी कारण कांग्रेस नेताओं को परेशानी हो रही है और उन्हें अपना जनाधार खिसकने का डर सता रहा है।
प्रताप सिंह रावत ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया में सहयोग करने की अपील की
devbhuminews24.in गांव, देश-विदेश की खबरों और जीवन को बेहतर बनाने वाले आध्यात्मिक लेखों के लिए पढ़ते रहिए।
समाचार, विज्ञापन 9816216579








