आईटीआई पास युवा अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण से बढ़ाएं कार्यकुशलता

Share this post

आईटीआई नैहरियां में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन, 47 अभ्यर्थियों और 16 प्रतिष्ठानों ने लिया भाग

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24

नैहरियां (ऊना)। युवाओं को उद्योगों में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने और उनकी कार्यकुशलता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) नैहरियां में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत आयोजित इस मेले में 47 अभ्यर्थियों और 16 प्रतिष्ठानों ने भाग लिया।

कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार तथा तकनीकी शिक्षा निदेशालय, हिमाचल प्रदेश के निर्देशानुसार आयोजित इस मेले में विभिन्न व्यवसायों में आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं के अतिरिक्त दसवीं और व्यावसायिक विषयों के साथ जमा दो उत्तीर्ण विद्यार्थी भी अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण के लिए पंजीकरण करवाने पहुंचे। मेले में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों के प्रशिक्षुओं ने भी भाग लिया।

सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल के बीच की खाई होगी दूर

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ऊना के प्रधानाचार्य अंशुल भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले का मुख्य उद्देश्य इच्छुक युवाओं को अग्रणी उद्योगों और नियोक्ताओं से जुड़ने के लिए मंच प्रदान करना है। इससे सैद्धांतिक शिक्षा और व्यावहारिक कौशल के बीच की दूरी कम करने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि विनिर्माण, प्रौद्योगिकी, सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अप्रेंटिसशिप के माध्यम से युवाओं को व्यावहारिक अनुभव हासिल करने और अपने करियर को नई दिशा देने के अवसर मिलते हैं। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया। साथ ही अभ्यर्थियों और प्रतिष्ठानों को पंजीकरण प्रक्रिया में भाग लेने का अवसर भी मिला।

अप्रेंटिसशिप से बढ़ेगा कौशल और अनुभव

इंडस्ट्रियल एसोसिएशन गगरेट के प्रधान प्रमोद कुमार शर्मा ने कहा कि आईटीआई उत्तीर्ण प्रशिक्षुओं का उद्योगों में हमेशा स्वागत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे आईटीआई की पढ़ाई पूरी करने के बाद उद्योगों में काम करने के लिए आगे आएं और मेहनत व लगन से अपने भविष्य को संवारें।

उन्होंने कहा कि उद्योगों में काम करने से युवाओं के कौशल और अनुभव में वृद्धि होती है, जिसका लाभ उन्हें भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसरों और वेतन वृद्धि के रूप में मिल सकता है।

उद्योगों में प्रशिक्षण से बेरोजगारी दूर करने में मिलेगी मदद

इंडस्ट्रियल एसोसिएशन अंब के प्रधान रमेश कुमार शर्मा ने कहा कि उद्योगों में वास्तविक उत्पादन प्रक्रिया के दौरान अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा अपनी कार्यकुशलता को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे युवा आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ बेरोजगारी की समस्या को कम करने में भी योगदान दे सकते हैं।

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान नैहरियां के प्रधानाचार्य इंजीनियर परवेश शर्मा ने मेले में युवाओं की भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय शिक्षुता मेले को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया उत्साहजनक है। इस तरह के आयोजन युवाओं को उद्योगों से जोड़ने और उनके कौशल विकास को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होते हैं।

इस अवसर पर सोनालिका उद्योग अंब के एचआर हेड कमल शर्मा, एडवांस वाल्व्स प्राइवेट लिमिटेड गगरेट के एचआर हेड सुशील शर्मा तथा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भद्रकाली की प्रधानाचार्या नीरज कुमारी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

devbhuminews24.in
देश दुनिया,गांव की खबरों का दर्पण
समाचार, विज्ञापन 9816216579