केलांग में हाई एल्टीट्यूड मेडिसिन एवं पब्लिक हेल्थ रिसर्च केंद्र का शिलान्यास, जयराम ठाकुर ने जताया आभार

Share this post

केंद्र सरकार के प्रयासों से हिमाचल में मजबूत हो रही स्वास्थ्य सुविधाएं : जयराम ठाकुर

अटल टनल से लाहौल-स्पीति में पर्यटन और रोजगार को मिला बढ़ावा, कांग्रेस सरकार पर जनजातीय बजट डायवर्ट करने का लगाया आरोप
देवभूमि न्यूज 24
केलांग, 12 अक्तूबर। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सोमवार को लाहौल-स्पीति के केलांग में भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के हाई एल्टीट्यूड मेडिसिन एवं पब्लिक हेल्थ रिसर्च केंद्र के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, सांसद कंगना रनौत और पूर्व विधायक रवि ठाकुर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

हिमाचल को स्वास्थ्य क्षेत्र में मिल रही बड़ी सौगातें

जयराम ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण शोध केंद्र की सौगात देने के लिए केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर सहयोग प्रदान कर रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार नए मेडिकल कॉलेजों का निर्माण, रिकॉर्ड समय में बिलासपुर में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की स्थापना, ऊना में पीजीआई का सैटेलाइट सेंटर और अब केलांग में उच्च हिमालयी क्षेत्रों की चिकित्सा एवं जनस्वास्थ्य संबंधी समस्याओं पर शोध के लिए केंद्र की स्थापना हिमाचल प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धियां हैं।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह शोध केंद्र उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को समझने, बेहतर उपचार पद्धतियां विकसित करने और जनस्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में मील का पत्थर साबित होगा।

जयराम ठाकुर ने कोविड-19 महामारी के दौरान स्वदेशी टीकों के विकास में आईसीएमआर के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संस्थान लाहौल-स्पीति जैसे दुर्गम क्षेत्र में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं के समाधान और उनके जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अटल टनल ने बदली लाहौल-स्पीति की तस्वीर

पूर्व मुख्यमंत्री ने अटल टनल के निर्माण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा इसके उद्घाटन का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके बाद पूरे जनजातीय क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। टनल के कारण लाहौल-स्पीति में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं।

उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है और पर्यटन के विस्तार से स्थानीय लोगों की आजीविका के नए रास्ते खुले हैं।

कांग्रेस सरकार पर जनजातीय बजट के उपयोग को लेकर सवाल

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए भेजे जा रहे करोड़ों रुपये के बजट का लाहौल-स्पीति में समुचित उपयोग नहीं हो रहा है और इसे अन्य क्षेत्रों में स्थानांतरित किया जा रहा है। उन्होंने इसे चिंताजनक बताते हुए जनजातीय क्षेत्र के विकास के लिए निर्धारित धनराशि का सही उपयोग सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का आह्वान

जयराम ठाकुर ने जनता से आह्वान किया कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को साकार करने के लिए सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा। उन्होंने क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं और रोजगार के नए अवसरों के लिए केंद्र सरकार की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने तथा भाजपा को समर्थन देने की अपील की।

devbhuminnews 24.in
हिमाचल, देश दुनिया की खबरों को पढ़ते रहे
समाचार/विज्ञापन 9816216579