ममता सक्सेना चित्रांश की रचना में मां के दिव्य स्वरूप, करुणा और भक्तों पर कृपा का भावपूर्ण वर्णन
देवभूमि न्यूज 24
कोसीकलां (मथुरा), उत्तर प्रदेश
शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर मां दुर्गा के चतुर्थ स्वरूप मां कूष्माण्डा की आराधना का विशेष महत्व है। मां कूष्माण्डा को सृष्टि की सृजनकर्ता, ऊर्जा और तेज की प्रतीक देवी के रूप में पूजा जाता है। भक्तजन उनकी उपासना कर सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना करते हैं।
इसी भक्तिभाव को शब्दों में पिरोते हुए कोसीकलां, मथुरा (उत्तर प्रदेश) की ममता सक्सेना चित्रांश ने ‘मां कूष्माण्डा की आराधना’ शीर्षक से एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत की है। उनकी रचना में मां के दिव्य तेज, दयालु स्वरूप, दुखों का निवारण करने वाली शक्ति और दुष्टों का संहार कर धर्म की रक्षा करने वाली महिमा का सुंदर वर्णन किया गया है।
कवयित्री ने अपनी रचना के माध्यम से मां के प्रति अटूट श्रद्धा व्यक्त करते हुए भक्तों के जीवन में सुख-शांति का प्रकाश फैलाने की प्रार्थना की है।
मां कूष्माण्डा की आराधना
तेरे मुख पर सजा है माँ, अनुपम दिव्य तेज,
तेरी कृपा से मिट जाता है हर अंधेरा।
तू दयावंती माँ है, सब पर दया लुटाती,
भटके हुओं को तू ही राह दिखाती।
तू ही दुखनिवारिणी, हर कष्ट हर लेती,
अपने भक्तों की झोली खुशियों से भर देती।
तू ही तो है जग में दैत्यनाशिनी कहलाती,
असुरों का संहार कर धर्म बचाती।
तेरी दहलीज़ पर जो भी शीश झुकाता है,
वो खाली हाथ कभी लौट न पाता है।
हे माँ कूष्माण्डा, हम सब पर कृपा बरसाओ,
हमारे जीवन में सुख-शांति का दीप जलाओ।
जय माता कूष्माण्डा!
रचनाकार: ममता सक्सेना चित्रांश
स्थान: कोसीकलां, मथुरा, उत्तर प्रदेश
देवभूमि न्यूज 24:मेरा गांव मेरा देश
लेख एवं समाचार भेजने के लिए संपर्क करें: 9816216579
devbhuminews 24.in








