पीएमजीएसवाई के तहत 32 सड़क निर्माण कार्य पूरे, सामाजिक सुरक्षा पेंशन के माध्यम से हजारों लाभार्थियों को मिली आर्थिक सहायता
कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
नाहन जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक आज नाहन स्थित बचत भवन में शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में पच्छाद की विधायक रीना कश्यप, उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा तथा पुलिस अधीक्षक निश्चिंत सिंह नेगी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिला सिरमौर में केंद्र सरकार की विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, प्रगति तथा पात्र लाभार्थियों को मिल रहे लाभों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क, सामाजिक सुरक्षा, आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना विकास की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष जोर
सांसद ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क से लोगों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक पहुंचने में सहायता मिलती है। उन्होंने संबंधित विभागों को सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि जिला सिरमौर में पीएमजीएसवाई-III के बैच-I के तहत 11, बैच-II के तहत 12 तथा पीएमजीएसवाई-IV के बैच-I के अंतर्गत नौ सड़क निर्माण कार्य पूरे किए जा चुके हैं। इस प्रकार इन श्रेणियों के तहत कुल 32 कार्य पूर्ण हुए हैं।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन से हजारों लोगों को राहत
राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित पेंशन योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 3,033 वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया गया है। इस पर लगभग एक करोड़ 47 लाख रुपये व्यय किए गए हैं।
इसी प्रकार, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 1,249 महिलाओं को 58 लाख 83 हजार रुपये तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन योजना के तहत 46 लाभार्थियों को दो लाख 35 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से सहायता उपलब्ध करवाई जाए, ताकि जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवारों को मिल रहा लाभ
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत शहरी क्षेत्रों में पात्र परिवारों को आवास सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि नगर परिषद नाहन में 356 परिवारों, नगर परिषद पांवटा साहिब में 185 परिवारों तथा नगर पंचायत राजगढ़ में 76 परिवारों को योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि अप्रैल 2026 से अब तक जिला सिरमौर में 334 महिलाओं को लाभान्वित किया गया है।
बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, एक अक्टूबर 2025 से 31 मार्च 2026 तक जिले में कुल 3,128 प्रसव हुए, जिनमें से 2,977 संस्थागत प्रसव थे। वहीं, अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक कुल 5,298 प्रसव दर्ज किए गए, जिनमें 5,151 संस्थागत प्रसव शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत वर्ष 2025-26 में जिला सिरमौर की 3,990 महिलाओं को लगभग दो करोड़ 77 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। वित्त वर्ष 2026-27 में अब तक 2,340 महिलाओं को 89 लाख 87 हजार रुपये का लाभ उपलब्ध करवाया गया है।
सांसद ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ करने तथा संस्थागत प्रसव को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
935 लोगों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन
राष्ट्रीय अंधता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत अप्रैल 2026 से सितंबर 2026 तक जिला सिरमौर में 935 व्यक्तियों के मोतियाबिंद के ऑपरेशन किए गए हैं। बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जरूरतमंद लोगों तक उपचार सुविधाएं पहुंचाने पर बल दिया गया।
611 क्षय रोगियों की पहचान, 730 पोषण किट वितरित
बैठक में बताया गया कि जनवरी 2026 से अगस्त 2026 तक जिला सिरमौर में 611 क्षय रोगियों की पहचान की गई और उन्हें उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त, क्षय रोग से प्रभावित व्यक्तियों को पोषण संबंधी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से इस अवधि में 730 नि-क्षय मित्र पोषण किट वितरित की गई हैं।
सांसद सुरेश कुमार कश्यप ने क्षय रोग उन्मूलन के लिए जागरूकता अभियान और उपचार संबंधी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश
सांसद ने कहा कि दिशा समिति की बैठक का उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने अधिकारियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शिता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक का संचालन अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एकता कप्टा ने किया। इस अवसर पर दिशा समिति के सरकारी एवं गैर सरकारी सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
देवभूमि न्यूज 24, मेरा गांव मेरा देश
सिरमौर की खबरों के लिए पढ़ते रहें
समाचार, विज्ञापन:9816216579








