शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : रोहित ठाकुर

Share this post

कुपवी में 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में शिक्षा मंत्री ने बतौर मुख्यातिथि की शिरकत

भीम सिंह दसाईक,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24 / शिमला (कुपवी) – 14 अक्तूबर, 2026

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने आज पीएम श्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कुपवी में आयोजित 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और सात खेल छात्रावासों के 655 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, कबड्डी, खो-खो, कुराश और ठोडा खेलों के मुकाबले आयोजित किए गए।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेल बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास की नींव रखते हैं तथा उनमें टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन जैसे गुणों का विकास करते हैं। प्रदेश सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए प्रतिबद्ध है।

खिलाड़ियों को रोजगार और बेहतर सुविधाएं देने पर विशेष बल

शिक्षा मंत्री ने कहा कि खेल उपलब्धियों के आधार पर तीन प्रतिशत कोटे के अंतर्गत अब तक 300 से अधिक खिलाड़ियों को रोजगार प्रदान किया जा चुका है। खिलाड़ियों के पोषण के लिए डाइट मनी में वृद्धि की गई है – प्रदेश से बाहर की प्रतियोगिताओं के लिए 500 रुपये प्रतिदिन, राज्य स्तरीय के लिए 400 रुपये तथा जिला स्तरीय के लिए 300 रुपये प्रतिदिन। खेल छात्रावासों में प्रारंभिक स्तर तक के खिलाड़ियों को 250 रुपये प्रतिदिन डाइट मनी दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों में प्रदेश में केवल 8 खेल छात्रावास थे, वर्तमान सरकार ने इनकी संख्या बढ़ाकर 11 कर दी है। उन्होंने कुपवी और नेरवा में खेल छात्रावास स्थापित करने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखने की बात कही। गत वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 48 पदक जीतकर राज्य का गौरव बढ़ाया।

शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए सरकार के प्रभावी कदम

रोहित ठाकुर ने कहा कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (NAS) में हिमाचल 21वें से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) में भी प्रदेश 18वें से तीसरे स्थान पर है। प्रदेश 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ देश का दूसरा पूर्ण साक्षर राज्य बन चुका है।

शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे 6 हजार पद

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में अब तक लगभग 9,000 पद भरे जा चुके हैं, जबकि 6,000 अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है, कुल संख्या लगभग 15,000 तक पहुंचेगी। प्रथम चरण में प्रदेश के 147 सरकारी विद्यालयों को CBSE से संबद्ध किया जा रहा है, जिनमें कुपवी विद्यालय भी शामिल है।

चौपाल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा अधोसंरचना के लिए 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। कुपवी विद्यालय में 10 अध्यापकों के पद भरे जा चुके हैं।

सोलन जिले के नाम रहा ऑल राउंड बेस्ट का खिताब

  • वॉलीबॉल: शिमला प्रथम, मंडी द्वितीय, संधोल खेल छात्रावास स्टेट विनर
  • कबड्डी: सोलन प्रथम, ऊना द्वितीय, सोलन स्टेट विनर
  • खो-खो: हमीरपुर प्रथम, मंडी द्वितीय
  • कुराश: सोलन प्रथम, हमीरपुर द्वितीय
  • ठोडा: शिमला प्रथम, सिरमौर द्वितीय
  • ऑल राउंड बेस्ट: सोलन जिला

प्रतियोगिता में 655 खिलाड़ियों के अलावा 104 OSD तथा 98 कोच एवं मैनेजर भी शामिल रहे। स्कूली छात्राओं की सांस्कृतिक प्रस्तुति पर शिक्षा मंत्री ने 15 हजार रुपये देने की घोषणा की और स्कूल स्मारिका का विमोचन किया।

इस अवसर पर अतिरिक्त निदेशक शिक्षा योगेश चौहान, उपनिदेशक लेखराज भारद्वाज, एसडीएम कुपवी, डीएसपी कुपवी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/