सेब की कम फसल, बीमारियों और ओलावृष्टि से बागवानों को भारी नुकसान, KCC ऋण का ब्याज माफ करे सरकार : राकेश डोगरा

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 / शिमला – 14 अक्तूबर, 2026

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राकेश डोगरा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मांग की है कि सेब की कम पैदावार, बीमारियों और ओलावृष्टि से प्रभावित बागवानों को राहत देने के लिए KCC ऋण पर ब्याज माफ किया जाए।

राकेश डोगरा ने कहा कि इस वर्ष सेब की कम पैदावार, बगीचों में फैल रही विभिन्न बीमारियों और कुछ क्षेत्रों में हुई भारी ओलावृष्टि के कारण हिमाचल के बागवानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। पतझड़, मार्सोनिना और ब्लॉच जैसी बीमारियों ने बगीचों को बुरी तरह प्रभावित किया है, वहीं ओलावृष्टि ने फसल को और नुकसान पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि सेब की फसल पर निर्भर हजारों परिवारों की आजीविका प्रभावित हुई है। आमदनी में कमी के साथ बगीचों की देखभाल, दवाइयों, खाद और कृषि कार्यों पर खर्च लगातार बढ़ रहा है। ऐसे हालात में बैंकों से लिए गए कृषि ऋण की किस्तें और ब्याज चुकाना मुश्किल होता जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता ने मांग की कि बागवानों की मौजूदा आर्थिक स्थिति को देखते हुए इस वर्ष किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) ऋण पर लगने वाले ब्याज को माफ करने के लिए ठोस निर्णय लिया जाए। इससे आर्थिक संकट से जूझ रहे बागवानों को राहत मिलेगी और वे आगामी फसल के लिए बगीचों की बेहतर देखभाल कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिकी में बागवानी का महत्वपूर्ण योगदान है, ऐसे में सरकार को बागवानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाने चाहिए।

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/