चुनावी टिकट बिक्री स्टिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट का सुनवाई से इनकार, चुनाव आयोग जाने की छूट

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 / नई दिल्ली –

उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश में कुछ गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा कथित तौर पर चुनावी टिकट बेचे जाने से संबंधित ‘स्टिंग ऑपरेशन’ की CBI जांच की मांग वाली याचिका पर सुनवाई से मंगलवार को इनकार कर दिया।

भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने याचिकाकर्ता स्वराज वाहिनी एसोसिएशन को इस मामले में निर्वाचन आयोग के समक्ष लंबित अपने प्रतिवेदन और स्मरण पत्र को दोबारा आगे बढ़ाने की छूट दी।

पीठ ने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने इस मामले में याचिकाकर्ता की जनहित याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया था। याचिका में कुछ राजनीतिक दलों के कामकाज और कथित तौर पर चुनावी टिकट बेचे जाने से संबंधित स्टिंग ऑपरेशन का जिक्र किया गया था, जो सोशल मीडिया पर साझा किए गए थे।

पीठ ने अपने आदेश में कहा, “निर्वाचन आयोग शिकायतों का निवारण करने का प्रयास करेगा, हमें इस बात पर कोई संदेह नहीं है।”

याचिका में निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार के अलावा मुख्य निर्वाचन आयुक्त तथा उत्तर प्रदेश की निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी, अपना दल सोनेलाल और जन जनवादी पार्टी सोशलिस्ट को भी पक्षकार बनाया गया था।

इससे पहले 7 सितंबर को इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी इस स्टिंग ऑपरेशन की CBI जांच की मांग वाली जनहित याचिका खारिज कर दी थी। मुख्य न्यायाधीश अरुण भंसाली और न्यायमूर्ति क्षितिज शैलेंद्र की खंडपीठ ने कहा था कि अदालत से यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वह जनहित के नाम पर पेश किए जाने वाले हर स्टिंग ऑपरेशन या सोशल मीडिया रिपोर्ट की जांच के निर्देश दे।

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/