देवभूमि न्यूज 24 / धर्म-अध्यात्म डेस्क
नवरात्रि पंचमी विशेष – संतानकांक्षी दंपतियों के लिए दिव्य साधना
नवरात्रि का पाँचवाँ दिन केवल एक तिथि नहीं, संतान की आस लगाए हर हृदय के लिए माँ की गोद का द्वार है। जो माँ अपनी गोद में स्वयं भगवान स्कंद (कार्तिकेय) को लिए बैठी हैं, वे भला किसी की गोद सूनी कैसे रहने देंगी?
शास्त्रों में कहा गया है – संतान प्राप्ति हेतु स्कंदमाता समं नास्ति। अर्थात संतान देने वाली माँ स्कंदमाता के समान कोई नहीं।
माँ स्कंदमाता वात्सल्य की साक्षात मूर्ति हैं। देवताओं ने जब तारकासुर से पीड़ित होकर भगवान शिव से पुत्र की याचना की, तब माँ पार्वती ने स्कंद रूप में ऐसे तेजस्वी पुत्र को जन्म दिया जिसने देवताओं की रक्षा की। मान्यता है कि जो दंपति श्रद्धा से इनकी शरण में आता है, माँ उसे योग्य, तेजस्वी और संस्कारी संतान का आशीर्वाद देती हैं।
संतान प्राप्ति हेतु विशेष पूजन विधि
1. संकल्प: पति-पत्नी दोनों सुबह स्नान कर पीले वस्त्र पहनें। माँ के सामने जल लेकर बोलें – “मम संतान प्राप्त्यर्थं स्कंदमाता पूजनं करिष्ये।”
2. विशेष श्रृंगार: माँ को लाल चुनरी, पीले फूलों की माला, 5 श्रृंगार की वस्तुएं अर्पित करें।
3. दिव्य भोग: माँ को केले, खीर और 5 प्रकार के फल अर्पित करें। एक सूखा नारियल लाल कपड़े में लपेटकर माँ की गोद में अर्पण करें, यह संतान संकल्प का प्रतीक है।
4. सिद्ध मंत्र जप: रुद्राक्ष माला से 108 बार जप करें –
ॐ देवी स्कंदमातायै नमः
संतान प्राप्ति बीज मंत्र – ॐ ह्रीं स्कंदमातायै पुत्रप्रदायै नमः
स्तुति – सिंहासनगता नित्यं पद्माश्रितकरद्वया। शुभदास्तु सदा देवी स्कंदमाता यशस्विनी॥
5. बाल-पूजन: पूजा के बाद किसी छोटे बच्चे को भोजन कराएं, उसे वस्त्र या खिलौना दें।
6. अखंड दीप: पंचमी की शाम से पूर्णिमा तक घी का दीपक जलाएं।
व्रत के नियम: इस दिन पति-पत्नी सात्विक रहें, ब्रह्मचर्य का पालन करें, झूठ-कटु वचन न बोलें और माँ के बालक सहित स्वरूप का ध्यान करें।
लेखक – ज्यो. शैलेंद्र सिंगला, पलवल (हरियाणा)
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव मेरा देश
समाचार, विज्ञापन 9816216579
https://devbhuminews24.in/








