चेन्नई में 26 से 29 अक्तूबर तक होने वाली एशियन चैंपियनशिप में ऑलराउंडर के रूप में खेलेंगी, पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जीत चुकी हैं पदक
देवभूमि न्यूज 24
मंडी : हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर में घर-घर डाक पहुंचाने वाली डाककर्मी निधि अब क्रिकेट के मैदान में भी देश का नाम रोशन करेंगी। मंडी मुख्य डाकघर में पोस्टमैन के पद पर तैनात उत्तर प्रदेश के बिजनौर की निवासी निधि का भारतीय महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। वह 26 से 29 अक्तूबर तक चेन्नई में आयोजित होने वाली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारतीय टीम की ओर से ऑलराउंडर के रूप में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी।
निधि का भारतीय महिला टेनिस बॉल क्रिकेट टीम में पहली बार चयन हुआ है। हालांकि, इससे पहले भी वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। वर्ष 2017 में ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप की हैमर थ्रो स्पर्धा में उन्होंने पदक जीतकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया था।
निधि पिछले कुछ समय से मंडी मुख्य डाकघर में सेवाएं दे रही हैं। डाक विभाग में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ-साथ वह खेल के क्षेत्र में भी लगातार मेहनत कर रही हैं। लंबे समय से भारतीय टीम में जगह बनाने का सपना संजोए निधि को राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के आधार पर टीम में शामिल किया गया है।
चेन्नई में होने वाली इस एशियन चैंपियनशिप में भारत के अलावा मलेशिया, थाईलैंड, बांग्लादेश, सिंगापुर, मालदीव, भूटान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और नेपाल की टीमें भी भाग लेंगी। ऐसे में निधि को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक और अवसर मिलेगा।
निधि ने बताया कि वह लंबे समय से भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए मेहनत कर रही थीं। राष्ट्रीय स्तर पर उनके प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन भारतीय टीम के लिए हुआ है। उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए आगामी प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद व्यक्त की।
भारतीय टीम में चयन गर्व की बात : नेहा सांख्यान
मंडी मुख्य डाकघर की डाकपाल नेहा सांख्यान ने निधि के भारतीय टीम में चयन को गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि निधि की यह उपलब्धि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
उन्होंने बताया कि निधि 20 अक्तूबर तक नागपुर में आयोजित भारतीय टीम के कोचिंग कैंप में भाग ले रही हैं। इसके बाद वह चेन्नई में होने वाली एशियन टेनिस बॉल क्रिकेट चैंपियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।
हिमाचल की खबरें पढ़ने के लिए देखते रहे देवभूमि न्यूज 24
समाचार, विज्ञापन,9816216579
devbhuminews24.in








