खेल प्रतियोगिताओं से युवाओं का शरीर और मस्तिष्क बनते हैं स्वस्थ व सुदृढ़: रोहित ठाकुर

Share this post

शिक्षा मंत्री ने ढाड़ी में विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता का किया समापन, नवयुवक मंडल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा

देवभूमि न्यूज 24 | जुब्बल (शिमला)

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। वर्तमान समय में जब युवा पीढ़ी नशे और अन्य दुर्व्यसनों की चपेट में आ रही है, ऐसे में खेल गतिविधियां युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का सशक्त माध्यम हैं।

शिक्षा मंत्री मंगलवार को शिमला जिला के जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र के ढाड़ी में नवयुवक मंडल ढाड़ी की ओर से आयोजित विकेश पनाटू मेमोरियल वॉलीबाल प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन के लिए स्थानीय नवयुवक मंडल को बधाई दी और युवाओं को खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर उन्होंने नवयुवक मंडल को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की।

वॉलीबाल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चमका शिमला जिला

रोहित ठाकुर ने कहा कि वॉलीबाल पहाड़ी क्षेत्रों का लोकप्रिय खेल है। विशेष रूप से शिमला जिला ने इस खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले 70 वर्षों में प्रदेश में खेल छात्रावासों की संख्या आठ थी, जबकि वर्तमान में यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इन छात्रावासों में प्रदेशभर के खिलाड़ी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। खेल सुविधाओं के विस्तार से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने बताया कि खेल कोटे के माध्यम से लगभग 300 युवाओं को सरकारी नौकरी प्राप्त हुई है।

शुराचली क्षेत्र से है भावनात्मक और पारिवारिक जुड़ाव

शिक्षा मंत्री ने कहा कि शुराचली क्षेत्र के साथ उनका भावनात्मक और पारिवारिक संबंध है। क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और यहां आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि सरस्वती नगर-झड़ाशली मार्ग को 17 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त चार करोड़ रुपये की लागत से 15 नई सड़कों का निर्माण किया गया है, जबकि 11 अन्य सड़कों को पक्का किया गया है।

उन्होंने कहा कि वार्षिक मरम्मत योजना के अंतर्गत एक करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर लंबी भोलाड़-छुपाड़ी सड़क को भी स्तरोन्नत किया गया है।

1.83 करोड़ से बन रहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़

रोहित ठाकुर ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोलाड़ का निर्माण कार्य एक करोड़ 83 लाख रुपये की लागत से प्रगति पर है। उन्होंने जानकारी दी कि इस स्वास्थ्य संस्थान का निर्माण कार्य 31 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से शुराचली क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी। इससे क्षेत्रवासियों को सामान्य स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर जाने की आवश्यकता भी कम होगी।

चामशू में 5.55 करोड़ से बन रहा पुल

शिक्षा मंत्री ने बताया कि पब्बर नदी पर चामशू में पांच करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बड़े पुल का निर्माण किया जा रहा है। इस पुल के तैयार होने से जुब्बल के साथ-साथ रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने आगे बताया कि पिछले चार वर्षों के दौरान शुराचली और खनाशनी क्षेत्रों में 35 नई सड़कों को स्वीकृति मिली है, जबकि पूरे जुब्बल विधानसभा क्षेत्र में 193 नई सड़कें स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए आवश्यक है।

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए सरकार के प्रभावी कदम

रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण (एनएएस) में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। इसी प्रकार, परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (पीजीआई) में भी प्रदेश ने 18वें स्थान से तीसरा स्थान हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ हिमाचल प्रदेश ने गोवा के बाद देश का दूसरा पूर्ण साक्षर राज्य बनने की उपलब्धि हासिल की है। उनके अनुसार, ये उपलब्धियां प्रदेश में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध करवाने के लिए किए जा रहे प्रयासों को दर्शाती हैं।

शिक्षा विभाग में भरे जाएंगे पांच हजार और पद

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में अब तक लगभग 10 हजार पद भरे जा चुके हैं। इसके अतिरिक्त पांच हजार अन्य पद भरने की प्रक्रिया प्रस्तावित है। इसके पूरा होने पर सरकार के कार्यकाल में भरे जाने वाले पदों की कुल संख्या लगभग 15 हजार तक पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों के पद भरने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

मां हाटेश्वरी के दर्शन कर दी विजयदशमी की शुभकामनाएं

ढाड़ी में आयोजित कार्यक्रम से पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हाटकोटी पहुंचकर मां हाटेश्वरी के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को विजयदशमी के पावन पर्व की शुभकामनाएं भी दीं।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य नेहा मेहता, पंचायत समिति अध्यक्ष कमलेश झगटा, ग्राम पंचायत रावी की प्रधान कौशल्या बाल्टू, पूर्व जिला परिषद सदस्य मोती लाल सिथटा, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, सेवानिवृत्त एसपी भगत सिंह ठाकुर, नवयुवक मंडल के प्रधान पुनीत पनाटू और यशपाल पनाटू सहित पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

देवभूमि न्यूज 24 | हिमाचल प्रदेश
समाचार, विज्ञापन: 9816216579*