शिलाई खत के 52 गांवों का बड़ा फैसला: शादी में फिजूलखर्ची पर लगेगी लगाम, उल्लंघन पर ₹52 हजार दंड

Share this post

बारातियों की संख्या 100 तक सीमित, दहेज प्रथा पर रोक और नाचने पर पैसे देने की रस्म बंद करने का निर्णय

देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर शिलाई (सिरमौर)

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शिलाई खत के 52 गांवों ने शादी-विवाह में बढ़ती फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने, गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों पर आर्थिक बोझ कम करने और पारंपरिक संस्कृति को संरक्षित करने के उद्देश्य से कई अहम निर्णय लिए हैं। मंगलवार, 21 अक्टूबर 2026 को शिलाई गांव स्थित ठाहरी नानी सांझा प्रांगण में शिलाई खत के नंबरदार दिनेश तोमर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न सामाजिक विषयों पर चर्चा के बाद महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

बैठक में विवाह समारोहों को सादगीपूर्ण बनाने, अनावश्यक रस्मों और दिखावे पर नियंत्रण लगाने तथा सामाजिक परंपराओं को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने पर सहमति बनी। इन निर्णयों का मुख्य उद्देश्य शादी-विवाह में होने वाले अनावश्यक खर्चों को कम करना और समाज में समानता एवं आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

बारातियों की संख्या 100 तक सीमित
बैठक में निर्णय लिया गया कि शादी में बारातियों की संख्या 100 से अधिक नहीं होगी। लकड़ी कटाई की रस्म में भी केवल 20 से 25 लोगों को शामिल करने का प्रावधान रखा गया है। इस अवसर पर गांव के अन्य लोगों और मेहमानों को आमंत्रित नहीं किया जाएगा। इसके अतिरिक्त माश खाने की प्रथा को बंद करने का निर्णय भी लिया गया।
डीजे के लिए नियम
बैठक में विवाह समारोहों में टेंट और डीजे की व्यवस्था सीमित रखने पर सहमति बनी। डीजे केवल दो दिन चलाने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, लड़की की शादी में महिला संगीत के दिन भी डीजे लगाने की अनुमति रहेगी।
दहेज प्रथा पर रोक, गहनों और उपहारों की सीमा तय
सामाजिक कुरीतियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शिलाई खत के लोगो ने दहेज प्रथा को पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अंतर्गत केवल निर्धारित सोबो-पाईतो देने की बात कही गई।
निर्णय के अनुसार, दुल्हन के लिए कानों के गहने, नाक का गहना, मंगलसूत्र, पैरों की पायल और चुटकी सहित पांच प्रकार के गहने निर्धारित किए गए हैं।

भांजे-भांजी की शादी में कपड़े और जूते देने की रस्म को भी सीमित किया गया है। इसके तहत केवल दूल्हा, दुल्हन और उनकी माता को ये वस्तुएं दी जाएंगी। परिवार या कुड़बे की धींटियों एवं भांजियों को केवल लिफाफा देने तथा गांव की अन्य धींटियों एवं भांजियों को दान नहीं देने का निर्णय लिया गया।
नेवदा और मामा के ढंग की राशि निर्धारित
बैठक में नेवदा रस्म को पुरानी परंपरा के रूप में जारी रखने पर सहमति बनी। नेवदे के रूप में 10 रुपये तथा मामा के डंग के रूप में 501 रुपये निर्धारित किए गए।

मामा के स्वागत की रस्म में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत पहले दिन केवल बरतवारे यानी सगे मामा और मामी को शामिल करने का निर्णय लिया गया। अन्य रिश्तेदारों का स्वागत अगले दिन शाम 5 बजे किया जाएगा।

अन्य सामाजिक रस्मों में भी बदलाव
बैठक में दशूठन एवं दशराता के अवसर पर गांव से केवल एक व्यक्ति प्रति परिवार आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। विवाह समारोह में दूल्हा-दुल्हन या अन्य लोगों के नाचने पर पैसे देने की प्रथा को बंद करने पर भी सहमति बनी।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि शादी शिलाई गांव में हो या गांव से बाहर, शिलाई खत में यही निर्धारित नियम लागू रहेंगे।

इसके अतिरिक्त शिलाई क्षेत्र में मनाए जाने वाले त्योहारों की तिथियां शिलाई से निर्धारित करने और पूरे खत में एक ही दिन त्योहार मनाने का निर्णय लिया गया। इससे क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति और सामाजिक एकरूपता को बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।

नियमों के उल्लंघन पर 52 हजार रुपये दंड
बैठक में निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर 52,000 रुपये दंड का प्रावधान तय किया गया है। इसके साथ ही पूरे खत के लिए सामूहिक भोज आयोजित करने का भी प्रावधान रखा गया है।

इन निर्णयों का उद्देश्य शादी-विवाह में अनावश्यक खर्चों को कम करना, परिवारों को आर्थिक दबाव से राहत दिलाना और सामाजिक आयोजनों को अधिक सरल एवं व्यवस्थित बनाना है।

सादगीपूर्ण विवाह की दिशा में सामूहिक पहल
बैठक में शामिल शिलाई खत के ग्रामीणों ने निर्धारित निर्णयों का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयोजकों एवं ग्रामवासियों ने बैठक में पहुंचे सभी गणमान्य व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।

शिलाई खत के 52 गांवों की यह पहल विवाह समारोहों में सादगी को बढ़ावा देने, अनावश्यक खर्चों पर अंकुश लगाने और पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था को बनाए रखने की दिशा में एक सामूहिक प्रयास है। अब इन निर्णयों के क्रियान्वयन पर क्षेत्र के लोगों की नजर रहेगी।

सिरमौर-शिलाई, हिमाचल प्रदेश सहित देश-दुनिया और गांव की खबरों के लिए पढ़ते रहिए

देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव, मेरा देश

समाचार एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें:9816216579