नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक ने किया आयोजन, किसान क्रेडिट कार्ड और ऑनलाइन ठगी से बचाव के प्रति किया जागरूक
देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर सिरमौर
नाबार्ड के सौजन्य से हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के वित्तीय साक्षरता केंद्र तथा शाखा जमटा की ओर से ग्राम पंचायत नेहली धीरा में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को बैंकिंग योजनाओं, किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम में नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक विक्रमजीत सिंह, अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) सरोज कुमार और शाखा प्रबंधक सुरेंद्र ठाकुर सहित स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
शिविर में स्थानीय ग्रामीणों, युवाओं, किसानों, महिलाओं तथा पंचायत के वार्ड सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान बैंक अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बैंक की विभिन्न योजनाओं और वित्तीय सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने लोगों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठाने और वित्तीय लेन-देन के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
किसान क्रेडिट कार्ड के उपयोग की दी जानकारी
शिविर में विशेष रूप से किसान वर्ग को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के महत्व और उसके सही उपयोग के बारे में बताया गया। अधिकारियों ने किसानों को इस सुविधा से संबंधित आवश्यक जानकारियां देते हुए बैंकिंग योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
उन्होंने बताया कि वित्तीय योजनाओं की सही जानकारी होने से किसान अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप बैंकिंग सुविधाओं का बेहतर उपयोग कर सकते हैं।
ऑनलाइन ठगी से बचने के बताए उपाय
शिविर के दौरान लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के प्रति भी जागरूक किया गया। बैंक अधिकारियों ने लोगों को अनजान फोन कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सावधान रहने की सलाह दी।
उन्होंने बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी, एटीएम पिन, ओटीपी और अन्य संवेदनशील विवरण किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही डिजिटल बैंकिंग का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत संबंधित बैंक को सूचित करने के महत्व पर जोर दिया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता को बढ़ावा देना, लोगों को बैंकिंग योजनाओं के प्रति जागरूक करना और उन्हें सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के लिए प्रेरित करना रहा।
देश-दुनिया और गांव की ताजा खबरों के लिए पढ़ते रहिए
देवभूमि न्यूज 24 | मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन भेजे:9816216579









