कुल्लू दशहरा प्रदेश का सबसे बड़ा मेला, देव संस्कृति को दुनिया तक पहुंचा रहा – उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – कुल्लू – 23 अक्टूबर

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा हिमाचल प्रदेश का सबसे बड़ा मेला है, जो प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और देव संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचा रहा है।

कुल्लू के ढालपुर स्थित रथ मैदान में आयोजित ग्लोबल डांस कार्यक्रम में विभिन्न देशों और प्रदेशों के कलाकारों की प्रस्तुतियां देखने के बाद उन्होंने यह बात कही।

उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली का नाम हिमाचल की पहचान के साथ जुड़ा है और कुल्लू दशहरा लंबे समय से पूरे गौरव और उत्साह के साथ मनाया जाता रहा है। समय के साथ इसके स्वरूप में व्यापक बदलाव आया है और आज यह भव्य अंतरराष्ट्रीय आयोजन के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

ग्लोबल डांस और लेजर-ड्रोन शो ने बढ़ाई भव्यता –
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल डांस कार्यक्रम और राम राज्य की अवधारणा पर आधारित लेजर शो और ड्रोन शो ने मेले की भव्यता को और बढ़ाया है। दुनिया भर के लोग कुल्लू दशहरा का इंतजार करते हैं।

कुल्लू दशहरा के स्वरूप में आए बदलाव और इसे भव्य बनाने के लिए स्थानीय विधायक सुंदर सिंह ठाकुर के प्रयास सराहनीय हैं।

15 देशों के कलाकारों ने दी प्रस्तुति –
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि इस बार करीब 15 देशों के कलाकार कुल्लू पहुंचे हैं। ग्लोबल डांस में अमेरिका, रूस, इंडोनेशिया, कजाकिस्तान, मलेशिया सहित लद्दाख, स्पीति और हिमाचल के कलाकारों ने अपनी पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुतियां दीं।

पहाड़ी गीत ‘लगा डोलो रा धमाका’ की धुन पर जब नाटी प्रस्तुत की गई तो विदेशी कलाकार भी थिरक उठे।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय कलाकारों की भागीदारी से हिमाचली संस्कृति कमजोर नहीं होती, बल्कि उसकी विशिष्टता और अधिक निखरती है।

उप मुख्यमंत्री ने भगवान रघुनाथ जी के शिविर में दर्शन किए और विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। वे लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित दूसरी सांस्कृतिक संध्या में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस अवसर पर हिमाचल कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, मिल्कफेड अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष राम सिंह मियां, उपायुक्त अमित कुमार शर्मा, एसपी अभिषेक एस. पायसकर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ

आध्यात्मिक लेखों, देश, दुनिया, गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश