✍️ देवभूमि न्यूज 24
प्रश्नपत्र है ज़िंदगी, उत्तर अपने कर्म।
सच की स्याही से लिखो, जीवन का तुम मर्म॥
सबको खुश कर आज तक, कौन हुआ खुशहाल।
अपने मन से पूछना, क्या है तेरा हाल॥
सुख-दुख दोनों साथ हैं, जीवन के अध्याय।
हँसकर उनको जो पढ़े, समझदार कहलाय॥
हर प्रश्न का हल नहीं, मिलता इस संसार।
कुछ उत्तर स्वीकार कर, बढ़ना है हर बार॥
जीवन की हर राह पर, मिलते प्रश्न अनेक।
हिम्मत जिसका साथ दे, मंज़िल पाए नेक॥
भाग्य भरोसे मत रहो, कर्मों पर दो ध्यान।
मेहनत से ही लिख सको, अपने भाग्य का गान॥
जो चाहा वह सब मिले, ऐसा नहीं विधान।
जो मिलता है, स्वीकार कर, रखना ऊँची शान॥
समय परीक्षा ले रहा, धीरज रखना मित्र।
आज कठिन जो प्रश्न है, कल दे सकता नई दृष्टि॥
हर मुश्किल को देखकर, मत होना लाचार।
पत्थर से ही फूटता, जलधारा का द्वार॥
जीवन कोई खेल नहीं, न ही सरल है राह।
जिनके बुलंद हौसले, पूरी होती चाह॥
कुछ प्रश्नों के उत्तरों में, छिपा हुआ है सार।
मौन स्वयं कहता कभी, जो न कहे संसार॥
जीवन के हर मोड़ पर, मिलता नया सवाल।
अनुभव जिसकी ढाल है, ढूँढ़े हल हर हाल॥
हार-जीत जीवन के, दो पहलू पहचान।
हार सिखाती सीख है, जीत बढ़ाती मान॥
सुख आए तो मत उछल, दुख में मत घबराय।
समयचक्र की चाल को, कोई रोक न पाय॥
प्रश्न कठिन हों सामने, मन में रखना आस।
अँधियारे के पार ही, मिलता नया प्रकाश॥
जो बीता, वह सीख है, जो आए, उसका मर्म।
वर्तमान को जी सखे, यही श्रेष्ठ है कर्म॥
जीवन की इस दौड़ में, मत खोना सद्भाव।
जीत वही जो बाँट दे, दूसरों के दुख में भाव॥
हर उत्तर के बाद भी, प्रश्न खड़े सौ बार।
जीवन चलता सीख से, खुलते नए विचार॥
किस्मत को मत कोसना, कर्मों का कर मान।
मेहनत से ही बदलता, जीवन का प्रतिमान॥
🌺 जीवन एक परीक्षा है, हर दिन नया सवाल,
कर्म, धैर्य और हौसलों से, मिलता है समाधान। 🌺
लेखक: डॉ सत्यवान सौरभ
📢 देश-दुनिया, प्रदेश और गांव की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए।
🗞️ देवभूमि न्यूज 24 🇮🇳
मेरा गांव, मेरा देश








