जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार, बोले:प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मिलेगी मजबूती
देवभूमि न्यूज 24 | शिमला।
केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि की घोषणा की है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) की 320 नई मेडिकल सीटों के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी है। इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार लगभग 415 करोड़ रुपये का अनुदान उपलब्ध करवाएगी।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। इसी दिशा में केंद्र सरकार ने अगले पांच वर्षों में 15,000 करोड़ रुपये की लागत से देशभर में 10,000 नई मेडिकल सीटें जोड़ने की योजना को स्वीकृति दी है। हिमाचल प्रदेश को मिली 320 पीजी सीटों की मंजूरी भी इसी पहल का हिस्सा है।
छह मेडिकल कॉलेजों को मिलीं नई सीटें
नड्डा के अनुसार, प्रदेश के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में स्वीकृत 320 पीजी सीटों का आवंटन इस प्रकार है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला को 91 सीटें, मेडिकल कॉलेज हमीरपुर को 57, नेरचौक मंडी को 55, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा को 57, मेडिकल कॉलेज नाहन को 32 तथा मेडिकल कॉलेज चंबा को 28 सीटें प्रदान की गई हैं।
उन्होंने कहा कि इन सीटों की स्वीकृति से प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार को नई गति मिलेगी। साथ ही, मेडिकल की पढ़ाई कर रहे युवाओं को विशेषज्ञता हासिल करने के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।
विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मिलेगी मजबूती
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नई पीजी सीटों के सृजन से सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग, कैंसर उपचार तथा अन्य विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने और मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति होगी।
उन्होंने कहा कि इन सीटों का लाभ केवल चिकित्सा शिक्षा तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ने की उम्मीद है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों को अपने घरों के नजदीक बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।
केंद्र ने तेजी से लिया निर्णय
नड्डा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार से इस संबंध में प्रस्ताव 23 जून को प्राप्त हुआ था। इसके बाद 6 अक्टूबर को एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह के अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस विषय पर उनसे चर्चा की थी। अब केंद्र सरकार ने प्रस्तावित सभी 320 पीजी सीटों को मंजूरी प्रदान कर दी है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि इन सीटों के समयबद्ध सृजन के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं अन्य प्रक्रियाएं बिना किसी देरी के पूरी की जाएं, ताकि केंद्र की स्वीकृति का लाभ जल्द से जल्द प्रदेश के मेडिकल विद्यार्थियों और आम जनता तक पहुंच सके।
स्वास्थ्य और रेल परियोजनाओं में तेजी लाने पर जोर
नड्डा ने केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में चल रही अन्य विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि क्रिटिकल केयर ब्लॉकों और जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्यों में तेजी लाने की आवश्यकता है, ताकि स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार समयबद्ध तरीके से किया जा सके।
इसके अतिरिक्त उन्होंने चंडीगढ़–बद्दी और भानुपल्ली–बिलासपुर रेल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं में राज्य सरकार की वित्तीय हिस्सेदारी तथा भूमि संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाओं में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
हिमाचल के विकास के लिए केंद्र प्रतिबद्ध: नड्डा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने को प्रतिबद्ध है। केंद्र सरकार की प्राथमिकता प्रदेश में विकास को गति देना, युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध करवाना और प्रत्येक परिवार के कल्याण को सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपनी जिम्मेदारी पूरी तत्परता से निभा रही है। अब प्रदेश सरकार को भी विकास परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए गंभीरता से काम करना चाहिए, ताकि केंद्र की योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच सके।
📢 देश-दुनिया, प्रदेश और गांव की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए।
🗞️ देवभूमि न्यूज 24 🇮🇳
मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579








