शिलाई महाविद्यालय शिलाई में एनएसएस शिविर के तीसरे दिन पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति पर जागरूकता

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई (सिरमौर)

सिरमौर जिला के राजकीय महाविद्यालय शिलाई की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई एक एवं दो द्वारा कार्यवाहक प्राचार्य गोपाल भारद्वाज के मार्गदर्शन में तथा कार्यक्रम अधिकारी रंजना चौहान एवं यशपाल शर्मा के नेतृत्व में 23 अक्टूबर को सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।

प्रातःकालीन योग सत्र के पश्चात प्रो. रीबा ठाकुर के मार्गदर्शन और प्राणीशास्त्र विभाग के सहयोग से स्वयंसेवकों को बागवानी एवं कीट प्रबंधन संबंधी व्यावहारिक जानकारी दी गई। उन्होंने पौधों के लिए उपयुक्त मिट्टी का मिश्रण तैयार करने, बगीचे के रखरखाव, लाभकारी एवं हानिकारक कीटों की पहचान तथा उनके प्रबंधन के तरीकों को विस्तार से समझाया।

इसके पश्चात ग्राम समस्या पहचान गतिविधि के अंतर्गत स्वयंसेवकों के पाँच समूहों ने गाँव की ऐसी समस्याओं की पहचान की, जिनका व्यावहारिक समाधान संभव हो। इस दौरान गाँव में कचरा प्रबंधन, विशेषकर गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग न रखने की समस्या चिह्नित की गई।

समाधान हेतु स्वयंसेवकों ने गोद लिए गए नाया गाँव का दौरा कर घर-घर जाकर लोगों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक किया और जैविक कचरे के उचित निपटान एवं वर्मी-कम्पोस्टिंग के महत्व की जानकारी दी।

इसके अतिरिक्त स्वयंसेवकों ने गाँव में नशामुक्ति एवं टीबी जागरूकता अभियान चलाया तथा नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए रैली निकाली। अंतिम सत्र में नशा सेवन संबंधी सर्वेक्षण किया गया।

सर्वे के 67 नमूनों के अनुसार 68 प्रतिशत लोगों ने माना कि युवाओं द्वारा नशीले पदार्थों के दुरुपयोग के लिए उनकी मित्र मंडली यानी बुरी संगति जिम्मेदार है। 19 प्रतिशत लोग तनाव और 10 प्रतिशत लोग पारिवारिक या सामाजिक समस्याओं को मुख्य कारण मानते हैं। 87 प्रतिशत लोगों ने स्वीकार किया कि नशे की समस्या में उचित उपचार और परामर्श अत्यंत सहायक है, परंतु केवल 72 प्रतिशत लोगों को जानकारी थी कि सहायता कहाँ से प्राप्त की जा सकती है।

56 प्रतिशत लोगों का मानना है कि रोकथाम के लिए गाँव में जागरूकता शिविर सबसे उपयोगी कदम होगा, जबकि 35 प्रतिशत लोग खेल प्रतियोगिताओं को विकल्प के रूप में देखते हैं। दिलचस्प बात यह रही कि 91 प्रतिशत लोगों ने भविष्य में नशामुक्ति संबंधी गतिविधियों में भाग लेने की इच्छा जताई।

इन गतिविधियों के माध्यम से स्वयंसेवकों ने सामुदायिक सहभागिता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया।

देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579