शिलाई में आंगनबाड़ी कर्मियों का प्रदर्शन – मानदेय वृद्धि अप्रैल से लागू करने की मांग

Share this post

देवभूमि न्यूज 24 – शिलाई
कार्तिकेय तोमर

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका संघ संबंधित सीटू के आह्वान पर प्रोजेक्ट शिलाई में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने मानदेय वृद्धि की अधिसूचना के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

संघ ने हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा 22 अक्टूबर को जारी अधिसूचना को आंगनबाड़ी कर्मियों के साथ धोखा करार देते हुए मांग की कि बजट सत्र में घोषित 1000 रुपये की मानदेय वृद्धि अप्रैल 2026 से बकाया सहित लागू की जाए।

संघ की प्रोजेक्ट अध्यक्ष अनिता और महासचिव चंद्रकला ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बजट में मानदेय वृद्धि की घोषणा करके वाहवाही लूटी, लेकिन अब इसका लाभ 1 नवंबर से देने का फैसला किया गया है। जब बजट में वृद्धि की घोषणा हुई थी तो अप्रैल से इसका लाभ और बकाया राशि देने से सरकार पीछे क्यों हट रही है।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की 22 अक्टूबर की अधिसूचना के अनुसार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 10,500 से बढ़ाकर 11,500 तथा सहायिकाओं का 5,800 से बढ़ाकर 6,800 रुपये किया गया है, लेकिन इसे 1 नवंबर से लागू करना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

संघ की जिला अध्यक्ष नीलम सहित अन्य नेताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मियों को खोखली घोषणाएं नहीं, बल्कि उनका पूरा आर्थिक हक चाहिए। सरकार अधिसूचना में संशोधन कर प्रभावी तिथि अप्रैल 2026 निर्धारित करे तथा अप्रैल से 31 अक्टूबर तक का पूरा बकाया जारी करे।

प्रदर्शन में सीता, बीजो, रुमा, सुनीता, मस्तो और सीमा सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

संघ की प्रमुख मांगें –

  1. बजट सत्र में घोषित 1000 रुपये की मानदेय वृद्धि अप्रैल 2026 से लागू हो।
  2. अप्रैल से 31 अक्टूबर 2026 तक का पूरा बकाया जारी हो।
  3. 22 अक्टूबर की अधिसूचना में संशोधन कर प्रभावी तिथि अप्रैल 2026 की जाए।
  4. मानदेय वृद्धि और बकाया भुगतान के लिए स्पष्ट आदेश जारी हो।

संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने अधिसूचना में संशोधन नहीं किया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

देवभूमि संदेश – पहाड़ की बात, पहाड़ के साथ
देवभूमि न्यूज 24 – मेरा गांव, मेरा देश
समाचार, विज्ञापन:9816216579