मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सहित विधायक हरीश जनारथा और संजय अवस्थी ने की शिरकत, टीबी मुक्त अभियान व स्वास्थ्य जांच के प्रति किया जागरूक
*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला: भगवान वाल्मीकि प्रकट उत्सव दिवस के अवसर पर कृष्णा नगर, शिमला में आयुष्मान स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, स्थानीय विधायक श्री हरीश जनारथा तथा अर्की के विधायक श्री संजय अवस्थी विशेष रूप से शामिल हुए। इस दौरान अतिथियों ने भगवान वाल्मीकि प्रकट उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए लोगों को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया और टीबी मुक्त अभियान सहित संपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा का संदेश दिया।
अतिथियों ने नागरिकों से अपील की कि वे जीवनशैली से जुड़ी गैर-संचारी बीमारियों (एनसीडी), नेत्र रोगों, टीबी और एचआईवी जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर जांच करवाएं। इसके साथ ही बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया गया।
सीएमओ डॉ. यशपाल रांटा ने की शिविर की अध्यक्षता
स्वास्थ्य शिविर की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), शिमला डॉ. यशपाल रांटा ने की। उन्होंने शिविर में सेवाएं प्रदान करने वाले स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण और प्रयासों की सराहना की। उन्होंने लोगों को टीबी के संभावित लक्षणों के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर संपूर्ण स्वास्थ्य जांच करवाने की सलाह दी।
शिविर में 185 लाभार्थियों को मिली स्वास्थ्य सेवाएं
शिविर के दौरान कुल 185 लाभार्थियों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में उपलब्ध कराई गई प्रमुख सेवाओं का विवरण इस प्रकार रहा:
- एनसीडी स्क्रीनिंग: 135 लोगों के रक्तचाप, ब्लड शुगर और जीवनशैली से संबंधित बीमारियों की जांच की गई।
- टीबी स्क्रीनिंग: 135 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 45 डिजिटल चेस्ट एक्स-रे किए गए तथा 29 लोगों की संभावित टीबी के लिए जांच की गई।
- नेत्र रोग जांच: 62 लोगों की आंखों की जांच कर दृष्टि दोष, मोतियाबिंद सहित अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान के लिए परीक्षण किया गया।
- एचआईवी परीक्षण: 29 लोगों को सुरक्षित एवं गोपनीय परामर्श और एचआईवी जांच की सुविधा प्रदान की गई।
- बाल रोग जांच: 7 बच्चों के सामान्य स्वास्थ्य और पोषण की जांच की गई।
सामूहिक प्रयास से स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा
यह स्वास्थ्य शिविर भगवान वाल्मीकि प्रकट उत्सव कमेटी, कृष्णा नगर के सौजन्य से तथा प्लान हेल्थ एवं नेस्ले के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना रहा।
इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समुदाय में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को नियमित जांच के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








