*देवभूमि न्यूज 24*
श्रीकृष्ण भगवान के चरणों में शीश झुकाओ।
श्रद्धा भाव से पूजो हरि, मनवांछित फल पाओ।।
सत्यभामा ने कहा – हे प्रभो! आप तो सभी काल में व्यापक हैं और सभी काल आपके आगे एक समान हैं फिर यह कार्तिक मास ही सभी मासों में श्रेष्ठ क्यों है? आप सब तिथियों में एकादशी और सभी मासों में कार्तिक मास को ही अपना प्रिय क्यों कहते हैं? इसका कारण बताइए।
भगवान श्रीकृष्ण ने कहा – हे भामिनी! तुमने बहुत अच्छा प्रश्न किया है। मैं तुम्हें इसका उत्तर देता हूँ, ध्यानपूर्वक सुनो। इसी प्रकार एक बार महाराज बेन के पुत्र राजा पृथु ने देवर्षि नारद से यही प्रश्न किया था और नारद जी ने उसे कार्तिक मास की महिमा बताते हुए कहा –
हे राजन! एक समय शंख नाम का एक राक्षस बहुत बलवान एवं अत्याचारी हो गया था। उसके अत्याचारों से तीनों लोकों में त्राहि-त्राहि मच गई। उस शंखासुर ने स्वर्ग में निवास करने वाले देवताओं पर विजय प्राप्त कर इन्द्रादि देवताओं एवं लोकपालों के अधिकारों को छीन लिया। उससे भयभीत होकर समस्त देवता अपने परिवार के साथ सुमेरु पर्वत की गुफाओं में बहुत दिनों तक छिपे रहे।
उधर जब शंखासुर को पता चला कि देवता आनन्दपूर्वक सुमेरु की गुफाओं में निवास कर रहे हैं तो उसने सोचा कि कोई दिव्य शक्ति है जिसके प्रभाव से अधिकारहीन देवता अभी भी बलवान हैं। सोचते-सोचते वह इस निर्णय पर पहुंचा कि वेदमंत्रों के बल के कारण ही देवता बलवान हो रहे हैं। यदि इनसे वेद छीन लिए जाएं तो वे बलहीन हो जाएंगे। ऐसा विचारकर शंखासुर ब्रह्माजी के सत्यलोक से शीघ्र ही वेदों को हर लाया। उसके द्वारा ले जाए जाते हुए भय से वेद उसके चंगुल से निकल भागे और जल में समा गए। शंखासुर ने वेदमंत्रों तथा बीज मंत्रों को ढूंढते हुए सागर में प्रवेश किया परन्तु न तो उसको वेद मंत्र मिले और ना ही बीज मंत्र।
जब शंखासुर सागर से निराश होकर वापिस लौटा तो उस समय ब्रह्माजी पूजा की सामग्री लेकर सभी देवताओं के साथ भगवान विष्णु की शरण में पहुंचे और भगवान को गहरी निद्रा से जगाने के लिए गाने-बजाने लगे और धूप-गन्ध आदि से बारम्बार पूजन करने लगे। धूप, दीप, नैवेद्य अर्पित किए जाने पर भगवान की निद्रा टूटी और वे देवताओं सहित ब्रह्माजी को पूजन करते देख बहुत प्रसन्न हुए तथा कहने लगे –
मैं आप लोगों के इस कीर्तन एवं मंगलाचरण से बहुत प्रसन्न हूँ। आप अपना अभीष्ट वरदान मांगिए। जो मनुष्य आश्विन शुक्ल की एकादशी से देवोत्थान एकादशी तक ब्रह्ममुहूर्त में उठकर मेरी पूजा करेंगे उन्हें तुम्हारी ही भाँति सुख की प्राप्ति होगी। शंखासुर द्वारा हरे गये सम्पूर्ण वेद जल में स्थित हैं। मैं सागर पुत्र शंखासुर का वध करके उन वेदों को अभी लाए देता हूँ। आज से मंत्र-बीज और वेदों सहित मैं प्रतिवर्ष कार्तिक मास में जल में विश्राम किया करूंगा।
अब मैं मत्स्य रूप धारण करके जल में जाता हूँ। तुम सब देवता भी मुनीश्वरों सहित मेरे साथ जल में आओ। इस कार्तिक मास में जो श्रेष्ठ मनुष्य प्रातःकाल स्नान करते हैं वे सब यज्ञ के अवभृथ-स्नान द्वारा भली-भाँति नहा लेते हैं। हे देवेन्द्र! कार्तिक मास में व्रत करने वालों को सब प्रकार से धन, पुत्र-पुत्री आदि देते रहना और उनकी सभी आपत्तियों से रक्षा करना। हे धनपति कुबेर! मेरी आज्ञा के अनुसार तुम उनके धन-धान्य की वृद्धि करना क्योंकि इस प्रकार आचरण करने वाला मनुष्य मेरा रूप धारण कर जीवनमुक्त हो जाता है।
कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को तुम लोगों ने मुझे जगाया है इसलिए यह तिथि मेरे लिए अत्यन्त प्रीतिदायिनी है। यह दोनों व्रत नियमपूर्वक करने से मनुष्य मेरा सान्निध्य प्राप्त कर लेते हैं। इन व्रतों से जो फल मिलता है वह अन्य किसी व्रत से नहीं मिलता। अतः प्रत्येक मनुष्य को सुखी और निरोग रहने के लिए कार्तिक माहात्म्य और एकादशी की कथा सुनते हुए नियमों का पालन करना चाहिए।
शेष जारी…
✍️ ज्यो: शैलेन्द्र सिंगला, पलवल हरियाणा
नारायण सेवा ज्योतिष संस्थान
देवभूमि न्यूज 24
आध्यात्मिक लेखों, देश दुनिया गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579








