*देवभूमि न्यूज 24*
मुहूर्त को भारतीय ज्योतिष में किसी कार्य विशेष को प्रारंभ एवं संपादित करने हेतु निर्दिष्ट शुभ समय कहा गया है। ज्योतिष के अनुसार शुभ मुहूर्त में कार्य प्रारंभ करने से कार्य बिना किसी रुकावट के शीघ्र संपन्न होता है। चाहे प्रश्न शास्त्र हो या जन्म कुण्डली दोनों ही मुहूर्त पर आधारित हैं। मुहूर्त पंचांग के पांच अंगों अर्थात तिथि, वार, नक्षत्र, योग और करण द्वारा निर्मित होता है। पंचांग गणना के आधार पर शुभ और अशुभ मुहूर्तों का निर्धारण होता है। प्रत्येक कार्य के अनुसार मुहूर्त भिन्न रूप में लिया जाता है।
मुहूर्त संस्कार
भारतीय संस्कृति के षोडश संस्कारों में मुहूर्त शास्त्र में पृथक वर्णन है। तिथि, वार, नक्षत्र आदि के संयोग से मुहूर्त बनते हैं, जिनमें संस्कार एवं विशिष्ट कार्यों के अतिरिक्त अन्य कार्य भी किए जा सकते हैं।
शुभ मुहूर्त
शुभ मुहूर्त वरदान स्वरूप होते हैं। विवाह, मुंडन, गृहारंभादि शुभ कार्यों में मास, तिथि, नक्षत्र, योगादि के साथ लग्न शुद्धि को विशेष महत्व दिया जाता है। तिथि को देह, चंद्रमा को मन, योग-नक्षत्र को शरीर के अंग तथा लग्न को आत्मा माना गया है। मुहूर्त शास्त्र में कई शुभ योग बताए गए हैं जैसे – सर्वार्थसिद्धि योग, सिद्धि योग, अमृतसिद्धि योग, राज योग, रविपुष्य योग, गुरुपुष्य योग, द्वि-त्रिपुष्कर योग, पुष्कर योग तथा रवि योग इत्यादि।
मुहूर्त संबंधी महत्वपूर्ण तथ्य
रिक्ता तिथियों में कार्यों का आरंभ न करें तथा अमावस्या तिथि में मांगलिक कार्य वर्जित होते हैं। जब कोई ग्रह राशि परिवर्तन कर रहा हो तो उस समय न योजना बनाएं और न नया कार्य आरंभ करें। जब भी कोई ग्रह उदय या अस्त हो या जन्म राशि या जन्म नक्षत्र का स्वामी अस्त हो, वक्री हो अथवा शत्रु ग्रहों के मध्य हो तो वह समय अनुकूल कार्य के लिए उपयुक्त नहीं होता।
कुण्डली का मुहूर्त से संबंध
जन्म कुण्डली अनुकूल मुहूर्त निर्धारण में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जन्म समय की ग्रह स्थिति को बदला नहीं जा सकता लेकिन शुभ मुहूर्त अपनाकर कार्य को सफलता की ओर उन्मुख किया जा सकता है। कुण्डली दोषों के प्रभाव से बचने के लिए अच्छी दशा और शुभ गोचर में शुभ मुहूर्त का चयन करने से कार्य की शुभता में वृद्धि होती है।
मुहूर्त का महत्व
किसी भी कार्य के लिए अच्छे समय की आवश्यकता होती है। हर शुभ मुहूर्त का आधार तिथि, नक्षत्र, चंद्र स्थिति, योगिनी दशा और ग्रह स्थिति है। शुभ कार्यों के प्रारंभ में भद्राकाल से बचना चाहिए। चर, स्थिर लग्नों का ध्यान रखना चाहिए। जो समय जिस कार्य के लिए निर्धारित है, उस समय पर कार्य करने से मुहूर्त के अनुरूप सफलता मिलती है।
✍️ राजेन्द्र गुप्ता, ज्योतिषी और हस्तरेखाविद
मो. 9116089175
नोट – भविष्य जानने के लिए उपरोक्त नंबर पर कॉल या व्हाट्सएप पर शर्तें जान लें, फिर बर्थ डिटेल और हैंडप्रिंट भेजें।
देवभूमि न्यूज 24
आध्यात्मिक लेखों, देश दुनिया गांव देहात की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579








