पत्रकार संतोष नांटा की पहल लाई रंग, 10 दिनों में हिमाचल के विभिन्न जिलों से लोगों ने बढ़ाए मदद के हाथ
भीम सिंह दसाईक,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24
कुपवी:मानवता और सामाजिक सरोकारों की एक सराहनीय मिसाल पेश करते हुए कुपवी निवासी पत्रकार संतोष नांटा ने दिवंगत आयुष कोंडल के परिवार की आर्थिक सहायता के लिए चलाए गए अभियान के तहत 1,33,579 रुपये की सहयोग राशि एकत्रित की है। यह राशि 31 अक्टूबर 2026 को पीड़ित परिवार को सौंपी जाएगी।
गौरतलब है कि अक्टूबर माह में जिला शिमला के कुपवी में विद्यालयों के 19 वर्ष तक की आयु वर्ग के विद्यार्थियों की राज्य स्तरीय माइनर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद 14 अक्टूबर को विभिन्न जिलों के विद्यार्थी अपने घरों की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान जिला हमीरपुर के 17 वर्षीय छात्र आयुष कोंडल के साथ कुपवी की धार नामक जगह पर दर्दनाक हादसा हो गया। बताया गया कि चलती बस से सिर बाहर की ओर होने के कारण उसका सिर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे उसकी दुखद मृत्यु हो गई।
आयुष कोंडल जमा दो कक्षा में मेडिकल विषय की पढ़ाई कर रहा था। वह एक गरीब परिवार से संबंध रखता था और अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस दुखद घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
पीड़ित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए कुपवी निवासी पत्रकार एवं इंडियन रिपोर्टर्स एसोसिएशन के जिला शिमला अध्यक्ष संतोष नांटा ने मानवीय पहल करते हुए 17 से 27 अक्टूबर तक सहयोग राशि जुटाने का अभियान चलाया। उन्होंने अपने फेसबुक पेज के माध्यम से लोगों से परिवार की मदद के लिए आगे आने की अपील की। दस दिनों तक चले इस अभियान में कुल 1,33,579 रुपये की राशि एकत्रित हुई।
संतोष नांटा ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 31 अक्टूबर को विकास खंड कुपवी के बीडीसी अध्यक्ष उजागर सिंह, राजेंद्र ठाकुर, प्रधानाचार्य भगवती विद्या मंदिर कुपवी, प्यारेलाल शर्मा, सोहन सिंह, विक्की अजटा और अंक देव सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में पीड़ित परिवार के घर जाकर यह सहयोग राशि सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा कुपवी क्षेत्र पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। शुरुआत में इस अभियान के लिए केवल कुपवी क्षेत्र के लोगों से सहयोग की अपील की गई थी, लेकिन अभियान को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी भरपूर समर्थन मिला। जिला सोलन, सिरमौर, हमीरपुर और बिलासपुर के दानी सज्जनों ने भी अपनी सामर्थ्य के अनुसार आर्थिक सहयोग दिया।
संतोष नांटा ने इस नेक पहल को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी दानी सज्जनों, नवयुवक मंडलों, चुड़ैश्वर सेवा समिति की इकाई तथा स्वयं सहायता समूहों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी लोगों के सामूहिक प्रयास और संवेदनशीलता से एकत्रित हुई यह राशि पीड़ित परिवार के लिए कठिन समय में संबल बनेगी।
देवभूमि न्यूज 24 मेरा गांव, मेरा देश
निष्पक्ष, निर्भीक और जनहित की पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध।
समाचार, विज्ञापन: 9816216579








