*देवभूमि न्यूज 24*
*कार्तिकेय तोमर*
शिलाई: राजकीय महाविद्यालय शिलाई के विद्यार्थियों ने आज पुलिस थाना शिलाई जाकर पुलिस कार्य प्रक्रिया तथा कानून की बारीकियों की जानकारी प्राप्त की।
यह आयोजन महाविद्यालय के राजनीति शास्त्र और अर्थशास्त्र विभाग द्वारा किया गया था, जिसमें दोनों विभागों के करीब 30 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पुलिस थाने में विद्यार्थियों ने पुलिस कार्यवाही और कार्य करने के तौर-तरीकों को बारीकी से समझा। साथ ही साइबर क्राइम, एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया, ऑनलाइन धोखाधड़ी के बारे में भी जानकारी हासिल की।
पुलिस प्रभारी ने बताया कि यदि किसी भी व्यक्ति के साथ किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होती है तो वह बेझिझक होकर पुलिस को सूचित कर सकता है अथवा थाने आकर रिपोर्ट लिखवा सकता है। पुलिस आम व्यक्तियों की सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी में किस प्रकार से अपराधी लोगों को शिकार बनाते हैं। धोखाधड़ी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें, जिससे बैंक उन अकाउंट को सीज कर देता है जिनमें पैसों का लेन-देन हुआ है और पीड़ित को पैसा लौटाने में आसानी रहती है।
किसी भी अपराध, लड़कियों के साथ छेड़छाड़ या किडनैपिंग होने पर गुड़िया हेल्पलाइन और 112 नंबर पर संपर्क करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया के जमाने में सोशल मीडिया का इस्तेमाल बड़ी सावधानी से करें, अपने पासवर्ड तथा यूजर आईडी किसी से शेयर न करें। अकाउंट हैक होने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें या 1930 पर कॉल करें।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस थाना आम जनता के लिए 24 घंटे खुला रहता है। किसी भी अपराध या धोखाधड़ी की सूचना थाना नंबर 01704-278547 पर दे सकते हैं। नशे जैसे अपराधियों की सूचना देने वाले व्यक्ति की जानकारी गुप्त रखी जाती है।
उन्होंने बताया कि सभी अपराधियों का रिकॉर्ड थाने में गांव वार दर्ज किया जाता है, जिससे आपराधिक पृष्ठभूमि का पता लगाया जा सकता है। कैरेक्टर सर्टिफिकेट जारी करते समय भी पुलिस रिकॉर्ड को वेरीफाई करती है। विद्यार्थियों ने अपराधियों के लिए बने पुलिस लॉकअप की भी जानकारी ली।
महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रोफेसर गोपाल शर्मा ने कहा कि इस तरह के विजिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को पुलिस कार्य प्रक्रिया तथा कानूनी प्रक्रिया की प्रैक्टिकल जानकारी देना था, जिससे विद्यार्थी न केवल कानूनी प्रक्रिया को आसान भाषा में समझ पाएं बल्कि पुलिस थाने जाने का उनके मन में जो डर होता है वह भी दूर हो सके।
राजनीति शास्त्र के प्रोफेसर अजय सिंह ने बताया कि यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए बहुत सार्थक रहा। प्रोफेसर नरेंद्र शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को दो ग्रुप में बांटा गया था। पहले ग्रुप ने आज थाने का दौरा किया, जबकि दूसरा ग्रुप नवंबर के पहले सप्ताह में थाने जाकर कानूनी बारीकियों को समझेगा। इस दौरान विद्यार्थियों ने कई प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने अच्छे से स्पष्टीकरण दिया।
देवभूमि न्यूज 24
सिरमौर, शिलाई की खबरों के लिए पढ़ते रहिए
समाचार, विज्ञापन : 9816216579








