जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- हिमाचल में चल रही ‘शुल्क की सरकार’, होटल कारोबारियों पर बढ़े शुल्क वापस ले सरकार

Share this post

होटलों के संचालन सहमति शुल्क में भारी बढ़ोतरी को बताया कारोबारियों पर आर्थिक बोझ, इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली को भी बताया फ्लॉप

 *देवभूमि न्यूज 24*

शिमला पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर चौतरफा हमला बोलते हुए उसे ‘शुल्क की सरकार’ करार दिया है। प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा होटलों के संचालन सहमति शुल्क में की गई भारी बढ़ोतरी का विरोध करते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सरकार का गवर्नेंस मॉडल जनता और कारोबारियों पर नए-नए शुल्क थोपने तक सीमित रह गया है।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि टॉयलेट टैक्स जैसे फैसले से हुई किरकिरी के बाद सरकार कभी पर्यटकों के वाहनों पर टैक्स लगा रही है, तो कभी स्कूल-कॉलेज की फीस में बेतहाशा बढ़ोतरी कर रही है। आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं और इलाज के खर्चों पर भी शुल्क बढ़ाए जा रहे हैं। वहीं, राजस्व संबंधी छोटे-छोटे कार्यों के लिए तहसीलों में जाने वाले लोगों पर भी भारी फीस का बोझ डाला जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अब प्रदेश के होटल कारोबारियों को निशाना बनाया जा रहा है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने होटलों के संचालन सहमति शुल्क के ढांचे में बड़ा बदलाव किया है, जिसके चलते छोटे होटल संचालकों पर भी भारी आर्थिक बोझ पड़ने वाला है। नए शुल्क ढांचे के अनुसार, 10 से 13 कमरों वाले ग्रीन श्रेणी के छोटे होटलों को पांच साल के लिए पहले निर्धारित 72 हजार रुपये के बजाय अब 1.80 लाख रुपये चुकाने होंगे। इससे होटल संचालकों पर 1.08 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। उनका वार्षिक शुल्क भी 14,400 रुपये से बढ़ाकर 36 हजार रुपये कर दिया गया है।

इसी प्रकार 20 से अधिक कमरों वाले ऑरेंज श्रेणी के होटलों का पांच साल का संभावित शुल्क बढ़कर तीन से पांच लाख रुपये तक पहुंच सकता है। संशोधित शुल्क व्यवस्था कंसेंट टू एस्टेब्लिश (सीटीई) और कंसेंट टू ऑपरेट (सीटीओ) दोनों पर लागू की गई है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि पुराने होटल संचालकों को शुल्क जमा न करवाने की स्थिति में होटल बंद करने तक के नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राजस्व संबंधी कार्यों में शुल्क वृद्धि से आम जनता पर भी अनावश्यक आर्थिक बोझ डाला गया है। स्थिति यह है कि लोग अपने जरूरी काम करवाने से भी कतराने लगे हैं। सरकार अपनी वित्तीय विफलताओं को छिपाने और खर्चों पर नियंत्रण करने के बजाय छोटे एवं मध्यम कारोबारियों पर आर्थिक दबाव बना रही है।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों में होटल चलाने वाले छोटे और मध्यम व्यवसायियों के लिए यह बढ़ोतरी असहनीय है। पर्यटन प्रतिष्ठानों की तुलना बड़े औद्योगिक निर्माण संस्थानों से करना पूरी तरह अनुचित है। भाजपा मांग करती है कि सरकार इस अनावश्यक शुल्क वृद्धि के फैसले पर तुरंत पुनर्विचार कर इसे वापस ले। उन्होंने चेतावनी दी कि पर्यटन कारोबार को प्रभावित करने वाले और जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने वाले फैसलों का भाजपा सड़क से लेकर हर मंच तक विरोध करेगी।

इंडी गठबंधन की दिल्ली रैली फ्लॉप, सुक्खू को नहीं मिला बोलने का मौका

जयराम ठाकुर ने दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आह्वान पर चुनाव आयोग के खिलाफ आयोजित इंडी गठबंधन की रैली को फ्लॉप करार दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को बड़े काफिले के साथ दिल्ली ले गए, लेकिन वहां पहुंचकर उनकी पूरी तैयारी बिखर गई और रामलीला मैदान खाली नजर आया।

उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की री-लॉन्चिंग के लिए प्रदेश के संसाधनों का खूब इस्तेमाल किया गया, लेकिन मुख्यमंत्री सुक्खू को मंच से बोलने तक का अवसर नहीं दिया गया। इससे कांग्रेस हाईकमान में उनकी राजनीतिक अहमियत का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास गिने-चुने दो-तीन मुख्यमंत्री ही हैं, लेकिन इसके बावजूद सुक्खू को उचित महत्व नहीं दिया जा रहा है।

मंडी में 4 नवंबर की पदयात्रा में शामिल होने का आह्वान

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंगलवार दोपहर बाद अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम केंद्र शंकर देहरा के अंतर्गत सनोई एवं काण्डीधार बूथ की संयुक्त बैठक में शामिल हुए। बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को मजबूत बनाने और आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इस दौरान विस्तारक जितेंद्र ठाकुर, ग्राम केंद्र प्रभारी विनय सहित ग्राम केंद्र शंकर देहरा के सभी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से 4 नवंबर को मंडी में आयोजित होने वाली ‘अराजकता हटाओ, लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579