*देवभूमि न्यूज 24*
शिमला। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माई भारत), शिमला द्वारा सेंट थॉमस स्कूल शिमला में ‘विकसित भारत युवा संवाद –अपना मत जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के अधिकार, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत, शिमला के जिला युवा अधिकारी विपिन कुमार, भारतीय खेल प्राधिकरण के उच्च प्रदर्शन प्रबंधक (वॉलीबॉल) एवं उच्च पर्वतीय प्रशिक्षण केंद्र, शिलारू के प्रभारी अंकुश कटोच, युवा प्रेरक ओशिन शर्मा तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या शेरोन नंदा उपस्थित रहीं। विद्यालय के युवा पर्यटन क्लब के समन्वयक सुरेंद्र शर्मा ने भी कार्यक्रम के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर युवा प्रेरक ओशिन शर्मा ने ‘अपने मताधिकार को जानें’ विषय पर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व भी किया था। अपनी प्रस्तुति के माध्यम से उन्होंने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी तथा एक जिम्मेदार नागरिक के कर्तव्यों के बारे में जागरूक किया।
वहीं, अंकुश कटोच ने खेलों और युवाओं की भूमिका के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि के अनुसार खेलकूद, योग एवं अन्य शारीरिक गतिविधियों में नियमित रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नशे, तंबाकू और अन्य मादक पदार्थों से दूर रहकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अनुशासित और स्वस्थ रहकर समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ। इस दौरान विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को जागरूक, स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
देवभूमि न्यूज 24 | हिमाचल,देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579








