शिलाई महाविद्यालय में चुनावी साक्षरता पर प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित

Share this post

देवभूमि न्यूज 24
कार्तिकेय तोमर

*शिलाई राजकीय महाविद्यालय शिलाई के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब की ओर से विद्यार्थियों में चुनावी साक्षरता, लोकतांत्रिक जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बीए प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के राजनीति विज्ञान विभाग एवं रोवर-रेंजर इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय निर्वाचन व्यवस्था, मतदाता पंजीकरण, मतदान के अधिकार एवं कर्तव्यों, भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी जानकारी और विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निर्वाचन एवं लोकतंत्र से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपने विचारों को रचनात्मक एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

*प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष की स्नेहा ने प्रथम तथा बीए तृतीय वर्ष की रिंकू ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, निबंध लेखन प्रतियोगिता में रिंकू ने प्रथम और बीए द्वितीय वर्ष के रितिक ने द्वितीय स्थान हासिल किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला होता है।

कार्यक्रम का आयोजन राजनीति विज्ञान विभाग के सहायक आचार्य एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल अधिकारी श्री अजय सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। महाविद्यालय का इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक, सजग एवं जिम्मेदार मतदाता बनाने के लिए प्रयासरत रहेगा।