कार्तिक माह माहात्म्य : नवाँ अध्यायतुलसी जी के जन्म और महिमा का वर्णन

Share this post

देवभूमि न्यूज 24

जो पढ़े-सुनेगा इसे, वह होगा भव से पार।
श्रीहरि कृपा से लिख रहा, नवम अध्याय का सार।।

राजा पृथु ने नारद जी से कहा, “हे मुनिश्रेष्ठ! आपने कार्तिक माह के व्रत का महत्व बताते हुए कहा कि तुलसी की जड़ में भगवान विष्णु का निवास होता है तथा वहां की मिट्टी भी पूजनीय है। इसलिए मैं तुलसी जी के माहात्म्य के बारे में विस्तार से जानना चाहता हूं। कृपया बताएं कि तुलसी जी की उत्पत्ति कहां और किस प्रकार हुई?”

नारद जी बोले, “हे राजन! अब आप तुलसी जी की महिमा और उनके जन्म से जुड़ा प्राचीन इतिहास ध्यानपूर्वक सुनिए।

एक बार देवगुरु बृहस्पति और देवराज इंद्र भगवान शिव के दर्शन करने कैलाश पर्वत की ओर जा रहे थे। भगवान शिव ने अपने भक्तों की परीक्षा लेने के उद्देश्य से जटाधारी दिगंबर तपस्वी का रूप धारण कर उनके मार्ग में बैठ गए।

भगवान शिव उस समय तेजस्वी, शांत, गौर वर्ण, लंबी भुजाओं और चौड़ी छाती वाले तथा विशाल नेत्रों और जटाओं से युक्त दिखाई दे रहे थे। लेकिन इंद्र और बृहस्पति उन्हें पहचान नहीं पाए।

इंद्र ने उस तपस्वी से उनका नाम और निवास स्थान पूछते हुए कहा, ‘क्या भगवान शिव अपने स्थान पर विराजमान हैं या कहीं अन्यत्र गए हुए हैं?’

भगवान शिव तपस्वी के वेश में मौन रहे और उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया। स्वयं को तीनों लोकों का स्वामी समझने वाले इंद्र को उनका मौन अच्छा नहीं लगा। अहंकार और क्रोध में आकर इंद्र ने कहा, ‘अरे तपस्वी! मैंने तुमसे कुछ पूछा है, फिर भी तुम उत्तर नहीं देते। मैं अभी तुम पर वज्र से प्रहार करता हूं। फिर देखता हूं कि तुम्हारी रक्षा कौन करता है।’

इतना कहकर जैसे ही इंद्र ने उस जटाधारी तपस्वी पर वज्र चलाने के लिए हाथ उठाया, भगवान शिव ने वज्र सहित उनका हाथ स्तंभित कर दिया। इसके बाद उन्होंने अपने विकराल नेत्रों से इंद्र की ओर देखा।

उस समय ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वह तपस्वी अपने तेज से प्रज्वलित हो उठा हो और अपनी अग्नि से सब कुछ भस्म कर देगा। हाथ स्तंभित होने से इंद्र पीड़ा और क्रोध से व्याकुल हो उठे।

तभी देवगुरु बृहस्पति ने उस तपस्वी को भगवान शिव के रूप में पहचान लिया। उन्होंने तुरंत उन्हें प्रणाम किया और दंडवत होकर उनकी स्तुति करने लगे।

बृहस्पति जी ने भगवान शिव से प्रार्थना की, ‘हे दीनानाथ! हे महादेव! आप अपने क्रोध को शांत कीजिए और इंद्र के इस अपराध को क्षमा कर दीजिए।’

बृहस्पति के वचन सुनकर भगवान शिव ने गंभीर स्वर में कहा, ‘मैं अपने नेत्रों से निकले हुए क्रोध को अब किस प्रकार रोकूं?’

इस पर देवगुरु बृहस्पति ने विनम्रतापूर्वक कहा, ‘हे भगवन्! आप अपने भक्तवत्सल नाम को सार्थक करते हुए अपने भक्तों पर दया कीजिए। अपने इस तेज को कहीं अन्यत्र स्थापित कर इंद्र का उद्धार कीजिए।’

देवगुरु की प्रार्थना सुनकर भगवान शिव प्रसन्न हुए और बोले, ‘हे बृहस्पति! मैं तुम्हारी स्तुति से अत्यंत प्रसन्न हूं। तुम्हारे कारण ही इंद्र को जीवनदान मिला है। मुझे विश्वास है कि मेरे नेत्रों से निकली अग्नि अब इंद्र को पीड़ित नहीं करेगी।’

इसके बाद भगवान शिव ने अपने मस्तक से निकले अग्निमय तेज को अपने हाथों में धारण किया और उसे क्षीरसागर में डाल दिया। तत्पश्चात भगवान शिव अंतर्ध्यान हो गए।

इस प्रकार अपनी जिज्ञासा का समाधान पाकर देवराज इंद्र और देवगुरु बृहस्पति अपने-अपने स्थान को लौट गए।

शेष अगले अंक में…

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579