रक्षा बंधन और भाई दूज में क्या है अंतर? जानिए दोनों त्योहारों का धार्मिक महत्व, परंपराएं और पौराणिक मान्यताएं

Share this post

देवभूमि न्यूज 24।

हिंदू धर्म में भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को समर्पित दो प्रमुख त्योहार रक्षा बंधन और भाई दूज हैं। दोनों पर्व भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और एक-दूसरे की सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक हैं। हालांकि, दोनों त्योहारों को मनाने की तिथि, परंपरा, पूजा-विधि और पौराणिक मान्यताएं अलग-अलग हैं।

रक्षा बंधन श्रावण मास की पूर्णिमा को मनाया जाता है, जबकि भाई दूज कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। भाई दूज दीपावली के पांच दिवसीय पर्व का अंतिम दिन होता है। इसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है।

रक्षा बंधन और भाई दूज में प्रमुख अंतर

1. पौराणिक मान्यता

भाई दूज का संबंध मृत्यु के देवता यमराज और उनकी बहन यमुना से जुड़ा है। मान्यता है कि इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया और तिलक लगाकर भोजन कराया। प्रसन्न होकर यमराज ने बहन को वरदान दिया। इसी मान्यता के चलते यह पर्व मनाया जाता है।

वहीं रक्षा बंधन से राजा बलि, देवराज इंद्र और भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी विभिन्न पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं।

2. मनाने की परंपरा

रक्षा बंधन के दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं और उनकी लंबी उम्र तथा सुख-समृद्धि की कामना करती हैं। भाई बहनों को उनकी रक्षा का वचन देते हैं और उपहार भेंट करते हैं।

भाई दूज के दिन भाई अपनी बहनों के घर जाते हैं। बहनें उनके माथे पर तिलक लगाती हैं, आरती उतारती हैं और भोजन कराती हैं। भाई भी बहनों को उपहार देते हैं।

3. संस्कृत में अलग-अलग नाम

रक्षा बंधन को रक्षासूत्र बंधन कहा जाता है, जबकि भाई दूज को संस्कृत में ‘भगिनी हस्त भोजनम्’ कहा जाता है।

4. राखी और तिलक की परंपरा

रक्षा बंधन पर बहनें भाई की कलाई पर राखी, मौली या कलावा बांधती हैं। आधुनिक समय में बाजार में अनेक प्रकार की रंग-बिरंगी राखियां उपलब्ध हैं।

इसके विपरीत भाई दूज पर राखी बांधने की परंपरा नहीं है। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी मंगलकामना करती हैं।

5. अलग-अलग राज्यों में नाम

रक्षा बंधन को देश के विभिन्न हिस्सों में राखी के त्योहार के रूप में मनाया जाता है। दक्षिण भारत के कुछ क्षेत्रों में श्रावण पूर्णिमा को नारियल पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है।

भाई दूज को अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग नामों से जाना जाता है। कर्नाटक में सौदरा बिदिगे, पश्चिम बंगाल में भाई फोटा, महाराष्ट्र में भाऊ बीज और गुजरात में भाई बीज कहा जाता है। नेपाल में इसे भाई टीका के नाम से मनाया जाता है। मिथिला क्षेत्र में इसे यम द्वितीया के नाम से जाना जाता है।

6. धार्मिक कथाओं का महत्व

रक्षा बंधन के अवसर पर राजा बलि से जुड़ी कथा सुनने की परंपरा है, जबकि भाई दूज पर यमराज और यमुना की कथा सुनाई जाती है।

7. भोजन और उपहार की परंपरा

रक्षा बंधन पर बहनें भाइयों को मिठाई खिलाती हैं और भाई उन्हें उपहार देते हैं। भाई दूज पर बहनें भाइयों को विशेष रूप से भोजन कराती हैं। कई क्षेत्रों में भोजन के बाद पान खिलाने की भी परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस परंपरा को बहनों के अखंड सौभाग्य से जोड़कर देखा जाता है।

8. यमराज और यमुना की पूजा

भाई दूज पर यमराज और उनकी बहन यमुना की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इस दिन यमुना नदी में भाई-बहन के एक साथ स्नान करने से यमराज की कृपा प्राप्त होती है और अकाल मृत्यु का भय दूर होता है। रक्षा बंधन पर यमराज और यमुना की पूजा का ऐसा विधान नहीं है।

दोनों त्योहारों का संदेश एक ही

रक्षा बंधन और भाई दूज की पूजा-विधि तथा परंपराएं भले ही अलग हों, लेकिन दोनों पर्वों का मूल संदेश भाई-बहन के बीच अटूट प्रेम, विश्वास, सम्मान और पारिवारिक एकता को मजबूत करना है। ये त्योहार हमें भारतीय संस्कृति में रिश्तों के महत्व और पारिवारिक मूल्यों की याद दिलाते हैं।

✍️ ज्योतिषाचार्य शैलेन्द्र सिंगला, पलवल (हरियाणा)
नारायण सेवा ज्योतिष संस्थान

देवभूमि न्यूज 24 | देश दुनिया गांव देहात की खबरों को पढ़ते रहिए | समाचार, विज्ञापन: 9816216579