अब मकड़ी से मिलेगा रेशम, जाले से बनेगी बुलेट प्रूफ जैकेट

Share this post

अब मकड़ी से मिलेगा रेशम, जाले से बनेगी बुलेट प्रूफ जैकेट

देवभूमि न्यूज डेस्क

मकड़ियों के जाल से बुलेट प्रुफ जैकेट और केबल ब्रिज भी बनाए जा सकते हैं. ये जाल स्टील से 10 गुना मजबूत होते हैं. यहीं नहीं मकड़ियों के रेशम धागे बनाने वाले जीन को समुद्री बैक्टीरिया में डाला जाए तो इससे इतना रेशम मिलेगा कि कपड़े भी बनाए जा सकेंगे. ये दावा इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज में जूलॉजी के प्रोफेसर विपुल कीर्ति शर्मा ने किया है.


दरअसल, प्रोफेसर शर्मा ने मकड़ियों पर एक रोचक और दुर्लभ जानकारी से भरी किताब लिखी है. इसे नेशनल बुक ट्रस्ट ने पब्लिश किया है. इसका शीर्षक है- मकड़ियों का अद्भूत संसार. मकड़ियां मनुष्यों के दोस्त की तरह हैं और उनकी उपयोगिता कितनी है, यह ज्यादातर लोग जानते नहीं हैं.

लेखक, रिसर्चर और जूलॉजी में बेहतरीन डॉक्युमेंट्री बना चुके विपुल कीर्ति शर्मा ने बताया कि कई लोग मकड़ियों को देख कर डर जाते हैं या उन्हें मार कर ही दम लेते हैं. असल में मकड़ी मनुष्यों के इतने काम आ सकती हैं जिसकी कल्पना कुछ साल पहले तक नहीं की गई थी. वैज्ञानिक मकड़ियों को तीन कारणों से मूल्यवान समझते हैं-

*1. मकड़ियां कीटनाशक हैं-* कीड़े जो फसलों को चौपट कर देते हैं उन्हें मकड़ियां खाती हैं.
*2. इनका विष है दवा-* मकड़ियों में पाया जाने वाला विष कई बीमारियों के इलाज में मददगार है. मेडिकल साइंस में इसे कई जगह इस्तेमाल किया जाता है. मकड़ियों का जहर नर्व डिजनरलाइजेशन के सुधार में मदद करता है. इनके जहर से बनी दवाइयां पोलियो, लकवा आदि के इलाज में काम आ सकता है.
*3. जाले से बनेगा बायोडिग्रेडेबल व मजूबत फैब्रिक-* मकड़ी के जालों के धागे बहुत हल्के लचीले लेकिन उतने ही मजबूत होते हैं. हम यूं तो उन्हें झाड़ू या हाथ से तोड़ देते हैं लेकिन वे मुड़ते हैं. टूटते नहीं हैं. मेडिकल के साथ इनका इस्तेमाल एरोस्पेस और वस्त्र उद्योगों में किया जा सकता है.

वैज्ञानिक कोशिश कर रहे हैं कि मकड़ियों के जीन्स को बैक्टीरिया में डाला जाए और ज्यादा मात्रा में सिल्क प्रोटीन बनाया जाए क्योंकि मकड़ियां अपनी ही प्रजाति की दूसरी मकड़ियों को खा जाती हैं. इस सिल्क प्रोटीन का उपयोग ब्रिज केबल, बुलेट प्रूफ जैकेट आदि बनाने में इस्तेमाल किए जा सकता है. टूटी हड्डियां और लिगामेंट जोड़ने के लिए डॉक्टर्स स्टील प्लेट का उपयोग करते हैं जो कई केसेस में इन्फेक्शन और हड्डियां सड़ाने का काम करती हैं. वहीं, दूसरी ओर सिल्क प्रोटीन जो नेचुरल प्रोटीन है इसका उपयोग करने से लिगामेंट वापस बन सकती है, जो अब तक संभव नहीं हो सका है।।