लम्बित सोमभद्रा-स्वां नदी पुल। धार्मिक पर्यटन गतिविधियों में बनी महाबाधा

Share this post

लम्बित सोमभद्रा-स्वां नदी पुल। धार्मिक पर्यटन गतिविधियों में बनी महाबाधा

देवभूमि न्यूज डेस्क
ऊना

एक तरफ सरकार प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने का राग अलापती है, दूसरी तरफ धार्मिक आस्थाओं पर सुविधाओं को ना जुटाने से कुठाराघात करती है। जी हां! श्री सनातन धर्म आस्था के प्रतीक प्राचीन श्री राम मंदिर अन्दौरा आने वाले समस्त भक्तजनों का बरसात में उफनती सोमभद्रा-स्वां नदी की बाढ़ सभी धार्मिक आस्थाओं पर प्रश्न चिन्ह लगा देती है।

गगरेट से श्री राम मंदिर अन्दौरा आने वाले सभी श्रद्धालुओं को बरसात के दिनों श्रावण मास महोत्सव, श्री जन्माष्टमी पर्व और सार्वजनिक गणेशोत्सव का धार्मिक सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए यहां सोमभद्रा-स्वां नदी में पुल का निर्माण ना होना एक बहुत बड़ी समस्या बन चुका है। लगता‌ है की सरकारों ने इस पुल को क्षेत्रवाद की राजनीति का शिकार बना दिया और धरातल पर इस पुल निर्माण बारे आज दिन तक कोई समुचित कार्यवाही नहीं की है। इस पुल निर्माण का ना होना पांचों विधानसभा क्षेत्रों के लोगों के लिए बहुत बड़ी चुनौती व मुसीबतों का सामना करना पड़ा है।
सोमभद्रा-स्वां पुल निर्माण बारे स्थानीय इलाका वासियों ने पुनः मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी को पत्र लिखकर आग्रह किया है
कि अम्ब- गगरेट समीप श्री राम मंदिर अन्दौरा सन्निकट सोमभद्रा-स्वां नदी में पुल निर्माण को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दी जाये। क्षेत्रवासियों ने कहा है कि आम जनता-जनार्दन को इस पुल के ना होने से भारी दुविधा का सामना करना पड़ता है। इस पुल निर्माण का ना होना समूचे जिला ऊना के लिए बहुत बड़ी चुनौती व असुविधाजनक स्थितियां पैदा हो गई है। यह पुल आजादी उपरान्त जल्दी ही जनहित में शीघ्रातिशीघ्र समर्पित कर दिया जाना चाहिए था। इस पुल निर्माण का कार्य रोकना समूचे जिला ऊना को विकास ग्रहण लगाने का काला अध्याय है। सभी धार्मिक व सांस्कृतिक संस्थाओं ने भी मुख्यमंत्री जी से पुरजोर अपील की है कि इस पुल निर्माण बारे स्वंय अंतरात्मा की आवाज़ साक्षात्कार करते हुए जिला ऊना के पांचों विधानसभा क्षेत्रों को विकासोन्मुखी मुख्य धारा से जोड़ा जाये। जिला ऊना का अम्ब उपमंडल तहसील मुख्यालय,समूचे जिला ऊना का प्रमुख गढ़ है।

गगरेट के घनारी- दौलतपुर-गगरेट से बहती सोमभद्रा-स्वां अम्ब उपमंडल से सटे गगरेट विधानसभा क्षेत्र के श्री राम मंदिर समीप अन्दौरा मंदिर जो कि पांचों विधानसभा क्षेत्रों का सत सनातन धर्म मंदिर माना जाता है,आकर बहती है। प्राचीन काल से ही अम्ब-गगरेट क्षेत्रवासियों का यही पैर-घास मार्ग, बीत क्षेत्र हरोली, गगरेट,होशियारपुर पंजाब को जाने का प्रमुख मार्ग इसी सोमभद्रा-स्वां नदी को लांघकर जाता रहा है। निकटवर्ती गांवों के लोगों का कहना है कि आजादी के पचहत्तर सालों से उम्र के आखिरी पड़ाव में भी हमें यहां पुल नसीब नहीं हो पाया है। यह भारत की आज़ादी व हिमाचल प्रदेश सरकारों की कार्यप्रणाली व असफलता का बहुत बड़ा भद्दा मजाक है। आज भी जनता जनार्दन सरकार से इस सोमभद्रा-स्वां नदी के पुल निर्माण की आशायें संजोए हुए है। सोमभद्रा-स्वां नदी का पुल पांचों विधानसभा क्षेत्रवासियों के लिए बहुत बड़ी सौगात सिद्ध हो सकता है। सारे जिला की तमाम विकासोन्मुखी इबारत लिखने में सक्षम इस पुल को अधर में लटकाए सरकारें कल्याणकारी राज्य की संरचना साकार नहीं कर सकती हैं।

सभी गांव वासियों, सरकारी कर्मचारियों व धार्मिक श्रद्धालुओं ने कहा है कि इस पुल निर्माण से समूचे जिला ऊना का समग्रतावादी विकास जुड़ा है। अम्ब-गगरेट के अतिरिक्त यह जिला ऊना के सभी विधानसभाओं को जोड़ने का सेतु है। संतोष गढ़-बीटन-ओयल से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र की ओर जाने वाले लोग जिला ऊना मुख्यालय ना जाकर इसी सुगमतापूर्वक मार्ग से आवाजाही करते हैं। इसी तरह कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों के ग्रामीणों के लिए यही उचित व सरल मार्ग है। कुल मिलाकर सभी विधानसभा क्षेत्रों के लोगों चिंतपूर्णी,गगरेट,हरोली, कुटलैहड़ व जिला ऊना के लोगों को यहां सोमभद्रा-स्वां नदी पर स्थाई पुल ना होना सालों साल से खटकता रहा है। यहां पर हर साल अस्थाई पुल बनाये जाते हैं जो कि बरसात में उफनती सोमभद्रा-स्वां नदी की बाढ़ में बह जाते हैं। आम जनता-जनार्दन बहुत सालों से यहां एक लम्बे चिर स्थाई पुल का समाधान चाहती है। इस पुल निर्माण को लेकर हर सरकारों द्वारा सौतेला व्यवहार अब लोगों की सहनशक्ति से बाहर हो चुका है। लोगों का कहना है कि सारे जिला का कायाकल्प करने वाले इस पुल को निर्मित नहीं करवाना आम जनमानस की आंकाक्षाओं व जनहित की अनदेखी करने का खिलवाड़ बन चुका है। इस पुल पर सभी सरकारों की बेरूखी जनता जनार्दन को अब ज्यादा रास नहीं आ रही है। सोमभद्रा-स्वां नदी पुल निर्माण बारे आम जनता जनार्दन ने मुख्यमंत्री श्री जयराम ठाकुर जी से पुनःपुरजोर अपील की है कि जनाकांक्षाओं के अनुरूप इस पुल निर्माण को युद्ध स्तर पर अमली जामा पहना शीघ्रातिशीघ्र पूरा करवाया जाये। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरकार न्योयोचित फैसला, पारदर्शिता दिखाते हुए व जनहित में निर्धारित समयावधि में श्री राम मंदिर अन्दौरा सन्निकट सोमभद्रा-स्वां नदी पर युद्धस्तर पर पुल निर्माण की गुहार लगाई है। सभी लोगों ने जिला प्रशासन,सभी पांचों विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों, श्री अनुराग सिंह ठाकुर, माननीय लोकसभा सांसद एवं केन्द्रीय सूचना प्रसारण मंत्री भारत सरकार और माननीय मुख्यमंत्री जी से पुरजोर अपील की है कि जन कल्याणार्थ इस पुल निर्माण को मुकम्मल करा जिला ऊना के लिए विकासवादी विस्तार को तवज्जो दी जाये।पुल निर्माण हेतु सभी इलाका वासियों ने जोर देकर कहा कि अब इस पुल निर्माण का विलम्ब कदापि स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने जिला प्रशासन व सरकार को चेताया है कि अगर सोमभद्रा-स्वां नदी पुल निर्माण कार्य को क्रियान्वित नहीं किया गया तो जनांदोलन को तेज किया जाएगा।