देवभूमि न्यूज 24.इन
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला में आज एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें विश्वविद्यालय प्रशासन से यह आग्रह किया गया कि हिमाचल निर्माता के रूप में विख्यात डॉ. यशवंत सिंह परमार की जयंती (04 अगस्त) एवं पुण्यतिथि (02 मई) को विश्वविद्यालय स्तर पर औपचारिक रूप से मनाया जाए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि डॉ. परमार न केवल हिमाचल प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री थे, बल्कि उन्होंने एक सुदृढ़ और स्वायत्त हिमाचल प्रदेश राज्य की नींव रखने में अहम भूमिका निभाई। उनका योगदान हिमाचल के सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक विकास के लिए अमूल्य है।

ऐसे महान जननायक की स्मृति में हर वर्ष संगोष्ठियाँ, व्याख्यानमालाएँ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएँ, ताकि युवा पीढ़ी उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा ले सके।
ज्ञापन में यह भी सुझाव दिया गया कि यह आयोजन सरकारी स्तर पर भी सुनिश्चित किया जाए ताकि राज्य के कोने-कोने में डॉ. परमार के योगदान की गरिमा को उचित सम्मान मिल सके।
इस अवसर पर उपस्थित छात्रों, शिक्षकों एवं अन्य बुद्धिजीवियों ने यह प्रस्ताव रखा कि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, एक प्रमुख शैक्षणिक संस्था होने के नाते, इस ऐतिहासिक पहल का नेतृत्व करे और इसे वार्षिक परंपरा के रूप में स्थापित करे।








