अम्ब तहसील उपमंडल रेलवे-स्टेशन की पर्याप्त रेलवे जमीन पर वैकल्पिक लिंक रोड समेत बहुविधि सर्वांगीण विस्तारीकरण समय की मांग है- राजीव शर्मन।

Share this post

 *देवभूमि न्यूज 24.इन*

ऊना जिला के अम्ब तहसील उपमंडल मुख्यालय के रेलवे-स्टेशन पर नित्यप्रति राजधानी दिल्ली समेत भारत के विभिन्न शहरों के लिए विभिन्न रेलगाड़ियों का विस्तारीकरण हो रहा है। ऐसे में अम्ब तहसील उपमंडल का रेलवे-स्टेशन रेलयात्रियों के लिए सुविधाजनक बन कर उभरा है। भविष्य में जम्मू-कश्मीर तक रेलवे विस्तारीकरण की ब्राड गेज रेलवे लाईन बिछाने की संभावनाओं के चलते आने वाले समय में यह एक बहुत बड़ा रेलवे जंक्शन बनने की सतत तैयारी में है। ऐसे में अम्ब रेलवे-स्टेशन पर दूसरा वैकल्पिक लिंक रोड साकार करने की आवश्यकता नितान्त बढ़ती चली आ रही है। रेलवे-स्टेशन के दूसरे प्लेटफार्म पर अम्ब तहसील उपमंडल के विभिन्न गांवों बदाऊं,पक्का परोह, कुटौहड़खुर्द, अप्पर अंदौरा, लोयर अंदौरा समेत निकटवर्ती गांवों से रेलयात्रियों को रेलवे स्टेशन अम्ब पर पहुंचने के लिए लम्बा रास्ता तय करना पड़ता है। रेलयात्रियों की सुविधा हेतु अम्ब रेलवे-स्टेशन के दूसरे छोर पर प्लेटफार्म नम्बर दो पर उपलब्ध रेलवे-विभाग की पर्याप्त जमीन पर वैकल्पिक लिंक रोड साकार करवाने से अम्ब रेलवे-स्टेशन सर्वत्र सर्व सुलभ बनवाया जा सकता है। इसी तरह अम्ब रेलवे-स्टेशन पर वाशिंग यार्ड का भी लम्बा इंतजार यथावत करना पड़ रहा है। यही नहीं अम्ब तहसील उपमंडल रेलवे-स्टेशन को सुविधासम्पन्न बनवाने के लिए आधुनिकीकरण सुविधाओं से हाई-टैक की भी जोरदार मांग उभरकर सामने आई है।
दूसरे प्लेटफार्म की उपलब्ध रेलवे-विभाग की जमीन पर रेलवे विभाग के रेलवे कर्मचारियों/अधिकारियों के लिए रिहाईश कलौनियां विकसित करने की भी आवश्यकता बढ़ती जा रही है।
इसी तरह रेलवे स्टेशन के दोनों ओर उपलब्ध रेलवे-विभाग की पर्याप्त जमीन पर बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रेलवे बाजार काम्प्लेक्स निर्मित करवाने की ओर भी आम जनमानस से रेलवे अथॉरिटी का ध्यानाकर्षण करवाया गया है।
अम्ब तहसील उपमंडल के पूर्व सैनिकों ने तो अम्ब रेलवे-स्टेशन के अधिकार क्षेत्र की रेलवे-विभाग की उपलब्ध जमीन पर रेलवे अस्पताल/सैनिक अस्पताल निर्माण करवाने की जोरदार गुहार भी लगाई है।
अम्ब रेलवे-स्टेशन पर उपरोक्त इन तमाम विकासात्मक विस्तारीकरण की संभावनाए
साकार करवाने के अतिरिक्त रेलयात्रियों के लिये रेलवे-स्टेशन पर बैंकिंग सुविधा/ एटीएम कक्ष- काऊंटर खुलवाना भी समय की जोरदार पुकार है। अत: निकट भविष्य में तमाम सुविधाओं को शीघ्रातिशीघ्र जनहित में उपलब्ध करवाने हेतु रीजनल डिविजनल मैनेजर उत्तर रेलवे अम्बाला सर्कल को अवगत करवाया गया है।
इस बारे स्थानीय समाज सेवी एनजीओ, आरटीआई एक्टिविस्ट, कवि-साहित्यकार व गणपति-उत्सव कमेटी अम्ब के अध्यक्ष राजीव शर्मन ने उपरोक्त रेलयात्रियों व आम जनता-जनार्दन की जोरदार मांगों की वकालत करते हुए भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री जी,माननीय रक्षा मंत्री जी को पत्र लिखकर जनहित में अम्ब रेलवे-स्टेशन पर रेलवे अस्पताल/सैनिक अस्पताल खुलवाने की जोरदार अपील की है।