भाजपा सरकार में शुरू किया जनमंच कार्यक्रम बहुत लोकप्रिय था लेकिन कांग्रेस ने इसका मजाक उड़ाया
*देवभूमि न्यूज 24.इन*
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश में चल रही कांग्रेस सरकार अपने ही चलाए कार्यक्रम भूल रही है, जिससे न जनता की सुनवाई हो रही है और न अधिकारी गांव तक पहुंच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शायद भूल गए हैं कि उनकी सरकार ने कोई कार्यक्रम भी जनता से मिलने का बनाया है।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार को जनता के दुख दर्द सुनने में कोई रुचि नहीं है। सरकारी अधिकारी अपने दफ्तरों से बाहर निकलते ही नहीं हैं और लोग दफ्तर जाएं भी तो कोई सुनवाई होती ही नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में शुरू किया गया जनमंच कार्यक्रम बहुत लोकप्रिय था, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसका मजाक उड़ाया था।
उन्होंने कहा कि सरकार जानबूझकर अपने भी शुरू किए कार्यक्रम “सरकार गांव के द्वार” को फिर से शुरू नहीं कर पा रही है, क्योंकि सरकार जनता का सामना करने से ही बच रही है। जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री झूठ बोलने में माहिर हैं और आपदा से त्रस्त प्रदेशवासियों के सवालों का सामना नहीं कर सकते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विधायकों के क्षेत्रों से भेदभाव हो रहा है और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इनके इलाकों में बिना उनसे पूछे कुछ करना ही नहीं है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों का आक्रोश प्रदेश के हर कोने से सामने आ रहा है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है
