मुख्यमंत्री सुक्खू ने पर्यटन विभाग के ‘दैट्स यू’ अभियान का किया शुभारंभ

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
राज्य ब्यूरो,शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हिमाचल प्रदेश पर्यटन विभाग की नई पहल ‘दैट्स यू’ (That’s You) अभियान का शुभारंभ किया। यह अभियान राज्य की पर्यटन नीति में एक महत्त्वपूर्ण बदलाव का प्रतीक है, जिसके तहत पारम्परिक दर्शनीय स्थलों तक सीमित पर्यटन से आगे बढ़ते हुए स्लो टूरिज्म की अवधारणा को प्रोत्साहित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान विशेष रूप से राज्य के प्रवेश द्वारों, हवाई अड्डों और हेरिटेज रेलवे स्टेशनों पर आने वाले पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार किया गया है, ताकि यात्रियों और हिमालय की प्राकृतिक सुंदरता के बीच एक गहरा और व्यक्तिगत जुड़ाव स्थापित हो सके।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि स्लो टूरिज्म की दिशा में यह पहल राज्य की पर्यावरणीय सेहत के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। कम लोकप्रिय गांवों में लंबे प्रवास और स्थानीय संस्कृति में सहभागिता को बढ़ावा देकर यह अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएगा।
निदेशक पर्यटन विवेक भाटिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान चंडीगढ़–शिमला प्रवेश मार्ग, गग्गल और भुंतर हवाई अड्डों तथा ऐतिहासिक कालका–शिमला टॉय ट्रेन मार्ग सहित प्रदेश के प्रमुख आगमन स्थलों पर चलाया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (नवीनीकरण, डिजिटल प्रौद्योगिकी एवं गवर्नेंस) गोकुल बुटेल सहित पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।