कांग्रेस के जातीय घमासान पर नायब सैनी की एंट्री, चन्नी के बयान से जताई सहमति

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
चंडीगढ़

कांग्रेस के भीतर जातीय प्रतिनिधित्व को लेकर मचे घमासान पर अब हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता व पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि “चन्नी ठीक बोल रहे हैं।” नायब सैनी ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी में वंशवाद हावी है और एक आम कार्यकर्ता के लिए आगे बढ़ने की कोई गुंजाइश नहीं है।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी गांधी परिवार से बाहर सोच ही नहीं सकती, यही वजह है कि वहां आम कार्यकर्ता का कोई भविष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पद और अवसर कुछ गिने-चुने लोगों तक ही सीमित रहते हैं, जिससे पार्टी के भीतर असंतोष लगातार बढ़ रहा है।
दरअसल, शनिवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रदेश कांग्रेस की एससी सेल की बैठक के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी ने पार्टी में पदों के बंटवारे पर गंभीर सवाल उठाए थे। चन्नी ने कहा था कि कांग्रेस में दलित समुदाय को कोई बड़ा नेतृत्व पद नहीं दिया गया, जबकि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और छात्र संगठन एनएसयूआई तीनों अहम पद जट्ट सिख नेताओं के पास हैं।
चन्नी के इस बयान के बाद कांग्रेस में अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया, जिसे लेकर अब विपक्ष भी आक्रामक हो गया है। नायब सैनी की प्रतिक्रिया ने इस मुद्दे को और हवा दे दी है और कांग्रेस की सामाजिक न्याय व समावेशी राजनीति के दावों पर नए सिरे से सवाल खड़े हो गए हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विवाद कांग्रेस के भीतर नेतृत्व और जातीय संतुलन की पुरानी समस्या को उजागर करता है, जिसका असर आने वाले चुनावों में पार्टी को झेलना पड़ सकता है।