देवभूमि न्यूज 24.इन
शिमलाहिमाचल प्रदेश में प्रस्तावित पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने साफ संकेत दिए हैं कि इस बार पंचायत चुनावों में युवा और नए चेहरों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही चुनाव में मनरेगा कानून से कथित छेड़छाड़ को कांग्रेस बड़ा मुद्दा बनाएगी।इसके लिए कांग्रेस ने “मनरेगा बचाओ संग्राम” को पंचायत और बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति तैयार कर ली है। कुल मिलाकर प्रदेश में होने वाले पंचायती राज चुनावों को लेकर हिमाचल कांग्रेस पूरी तरह सक्रिय हो गई है और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को मैदान में उतारने की तैयारी कर रही है।गौरतलब है कि प्रदेश में इस वर्ष पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव प्रस्तावित हैं, वहीं प्रदेश उच्च न्यायालय ने सरकार को 30 अप्रैल से पहले चुनाव करवाने के आदेश दिए हैं। इस बीच कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष पहले ही कार्यकर्ताओं से पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का समर्थन करने की अपील कर चुके हैं। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया है कि पार्टी की विचारधारा और संगठन के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को ही चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।इसी कड़ी में दिल्ली से लौटे हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने गुरुवार को शिमला में बड़ा बयान देते हुए कहा कि इस बार पंचायत चुनावों में कांग्रेस युवा और नए चेहरों को मौका देगी। उन्होंने कहा कि पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस का मुख्य फोकस मनरेगा पर रहेगा और इसके लिए संगठन के स्तर पर मजबूत तैयारी की जाएगी।विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश में पहले ही मनरेगा बचाओ अभियान शुरू किया जा चुका है, जिसमें संगठन की अहम भूमिका है। कांग्रेस के कार्यकर्ता जिला और ब्लॉक स्तर पर सक्रियता से काम कर रहे हैं। अब जरूरत है कि इस अभियान को पंचायत और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि आम जनता को मनरेगा से जुड़े मुद्दों पर जागरूक किया जा सके।उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पंचायत चुनावों में संगठन को मजबूत करने और जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे लाने के उद्देश्य से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतारेंगी