देवभूमि न्यूज 24.इन
फिरोजपुर (पंजाब): पंजाब में नशे के खिलाफ जनजागरण अभियान के तहत राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा फिरोजपुर जिले में एक पैदल यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में डेरा राधा स्वामी ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों भी राज्यपाल के साथ मौजूद रहे।यात्रा की शुरुआत सारागढ़ी गुरुद्वारा साहिब से की गई। इस दौरान शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल, भाजपा नेता अश्वनी शर्मा सहित कई वरिष्ठ राजनीतिक नेता भी शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवाओं, बच्चों और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा में भाग लिया।राज्यपाल ने इस अभियान में शामिल होने पर डेरा ब्यास प्रमुख का आभार व्यक्त किया और आम जनता से नशे के खिलाफ इस मुहिम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उल्लेखनीय है कि बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रमों में कम ही दिखाई देते हैं, ऐसे में उनकी उपस्थिति को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।सुखबीर बादल के आरोपयात्रा के दौरान सुखबीर सिंह बादल ने राज्यपाल के कदम की सराहना करते हुए कहा कि यह एक बड़ा और साहसिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी सरकारों की थी, उसे अब राज्यपाल ने उठाया है।बादल ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ नेता नशा तस्करों से संरक्षण राशि लेते हैं और उन्हें सुरक्षा प्रदान करते हैं, जिससे पंजाब में नशे की समस्या बढ़ी है। उन्होंने कहा कि पंजाब के भविष्य के लिए युवाओं को नशे से बचाना जरूरी है और इस लड़ाई में सभी को एकजुट होना होगा।सुखबीर बादल ने यह भी कहा कि उनकी सरकार बनने पर गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।पंजाब में नशे के खिलाफ यह पैदल यात्रा सामाजिक और राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।