देवभूमि न्यूज 24.इन
माजरा (सिरमौर)
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय माजरा में कॉमर्स क्लब के तत्वावधान में वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण बैंक पांवटा साहिब से प्रबंधक श्रीमती हिमानी सिंह अपनी टीम सहित विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर बैंक टीम ने विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टॉफ को वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं। उन्होंने साइबर क्राइम से बचाव, बैंकिंग से जुड़े आवश्यक दस्तावेजों को सही ढंग से भरने की प्रक्रिया, नया बैंक खाता खुलवाने की विधि, एटीएम के सुरक्षित उपयोग तथा ऑनलाइन बैंकिंग के सावधानीपूर्वक प्रयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने और गोपनीय जानकारी साझा न करने की भी सलाह दी गई।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती ऋतु भारद्वाज ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वित्तीय जागरूकता अत्यंत आवश्यक है, विशेषकर विद्यार्थियों के लिए, ताकि वे भविष्य में आर्थिक रूप से सशक्त और सुरक्षित बन सकें। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कॉमर्स क्लब के संयोजक डॉ. कुशल मित्तल, श्री विशाल, श्रीमती अल्का ढींगरा सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।