अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026: 500 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पर होगा “मंडी कला उत्सव”

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
मंडी, हिमाचल प्रदेश

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के उपलक्ष्य में इस वर्ष पौराणिक श्री मांडव्य नगर, छोटी काशी (मंडी नगर) की 500 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा पूर्ण होने का गौरवपूर्ण उत्सव मनाया जाएगा। देवभूमि हिमाचल की छोटी काशी में आयोजित होने वाला यह महोत्सव आस्था, परंपरा और लोक-संस्कृति का जीवंत संगम है, जहां देवी-देवताओं की सहभागिता के साथ देश-विदेश से कला, संगीत और जन-उत्सव का अनूठा स्वरूप देखने को मिलता है।
नगर निगम मंडी के आयुक्त रोहित राठौर ने बताया कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि को स्मरणीय एवं जन-भागीदारी से समृद्ध बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा “मंडी कला उत्सव” का आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत शहर के प्रमुख स्थलों—इंदिरा मार्केट, संकन गार्डन तथा आसपास के चयनित क्षेत्रों में वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि यह प्रतियोगिता शिवरात्रि की आध्यात्मिक चेतना, मंडी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक-देवताओं की परंपरा तथा आधुनिक सृजनात्मक अभिव्यक्ति को चित्रों के माध्यम से जनमानस तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगी।
आवेदन प्रक्रिया
प्रतियोगिता में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा कलाकार भाग ले सकते हैं। इच्छुक प्रतिभागी 15 फरवरी 2026 को सायं 5 बजे तक अपनी पूर्व में बनाई गई कलाकृतियों (आर्टवर्क) के छायाचित्र सहित ईमेल mandiartfestival@gmail.com पर आवेदन भेज सकते हैं। प्राप्त प्रविष्टियों की जांच एवं छंटनी के बाद चयनित आवेदकों को प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
आयोजन तिथि व सुविधाएं
प्रतियोगिता 17 फरवरी 2026 से आरंभ होकर 18 फरवरी 2026 को संपन्न होगी। शॉर्टलिस्ट किए गए प्रतिभागियों एवं टीमों के लिए नगर निगम मंडी द्वारा ठहरने और भोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी।
आकर्षक पुरस्कार
चयनित प्रतिभागियों में से प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः
प्रथम पुरस्कार: ₹21,000
द्वितीय पुरस्कार: ₹10,000
तृतीय पुरस्कार: ₹7,000
के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
अधिक जानकारी के लिए इच्छुक कलाकार दूरभाष नंबर 01905-222146, 7018264105 तथा 7888790292 (व्हाट्सएप) पर संपर्क कर सकते हैं।
आयुक्त रोहित राठौर ने कलाकारों से अधिक से अधिक संख्या में प्रविष्टियां भेजकर इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनने का आह्वान किया है।