सुनील ठाकुर की स्मृति में मेमोरियल कप सीजन-2 का आगाज़ आज से

Share this post

देवभूमि न्यूज 24.इन
ब्यूरो,कुल्लू

शैंशर बस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले स्वर्गीय सुनील ठाकुर की पावन स्मृति में “सुनील ठाकुर मेमोरियल कप” सीजन-2 का शुभारंभ 14 फरवरी से युवक मंडल तुंघ द्वारा किया जा रहा है। घाटी के युवाओं और क्षेत्रवासियों में प्रतियोगिता को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
द मनु महाराज दुग्ध उत्पादक सोसायटी के प्रधान महेंद्र सिंह पालसरा ने बताया कि सुनील ठाकुर एक होनहार, मिलनसार और प्रतिभाशाली युवक था, जिसे भूल पाना असंभव है। वह सैंज आईटीआई में पढ़ाई करने के लिए बस से जा रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश वही यात्रा उसके जीवन की अंतिम यात्रा बन गई। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया था।
घाटी के युवाओं का कहना है कि सैंज आईटीआई का नाम सुनील ठाकुर के नाम पर रखा जाए। इसके लिए राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री और राज्यपाल को पत्राचार के माध्यम से मांग भेजने की तैयारी की जा रही है।
युवक मंडल तुंघ द्वारा आयोजित इस मेमोरियल कप का उद्देश्य न केवल स्वर्गीय सुनील ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करना है, बल्कि युवाओं में खेल भावना, एकता और सकारात्मक ऊर्जा को बढ़ावा देना भी है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी खेल प्रेमियों से इस प्रतियोगिता में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।