सर्वदलीय बैठक से भाजपा के वॉकआउट पर कांग्रेस अध्यक्ष का हमला

Share this post


देवभूमि न्यूज 24.इन
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने केंद्र सरकार द्वारा हिमाचल का राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री सुखबिंदर सिंह सुक्खू द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक से भाजपा के वॉकआउट की कड़ी आलोचना की है।
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा के इस कदम से साफ है कि उन्हें प्रदेश के भविष्य और अधिकारों की कोई चिंता नहीं है, बल्कि वे केवल राजनीतिक हित साधने में लगी है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा को सच में प्रदेश की चिंता होती तो बैठक में रचनात्मक सुझाव देती, न कि बीच में ही उठकर चली जाती।
उन्होंने भाजपा के रवैये को नकारात्मक, चिंताजनक और निंदनीय बताते हुए कहा कि पार्टी का दोहरा चरित्र एक बार फिर सामने आया है। विनय कुमार ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष आई प्राकृतिक आपदा के समय भी भाजपा ने प्रदेश हित में कोई ठोस पहल नहीं की थी और अब आरडीजी बंद होने जैसे गंभीर विषय पर भी वह गंभीरता नहीं दिखा रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा प्रदेश की जनता द्वारा सत्ता से बाहर किए जाने का प्रतिशोध ले रही है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता जनता के दबाव में बैठक में शामिल तो हुए, लेकिन राजनीतिक कारणों से बीच में ही वॉकआउट कर गए।