अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 के शुभारंभ पर बड़ा देव कमरूनाग का भव्य स्वागत

Share this post

राजीव शर्मन,ब्यूरो
देवभूमि न्यूज 24.इन
मंडी, हिमाचल प्रदेश

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव–2026 में भाग लेने के लिए मंडी जनपद के आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग आज मंडी पहुंचे। इस अवसर पर राज माधोराय मंदिर में उपायुक्त एवं अध्यक्ष शिवरात्रि महोत्सव समिति अपूर्व देवगन ने विधिवत पूजा-अर्चना कर उनका स्वागत किया। यहां बड़ा देव कमरूनाग का राज माधोराय के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत भव्य मिलन भी संपन्न हुआ।
बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचते ही शिवरात्रि महोत्सव के पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठान विधिवत आरंभ हो गए। अब बड़ा देव आगामी सात दिनों तक टारना माता मंदिर में विराजमान रहेंगे और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान करेंगे।
उपायुक्त अपूर्व देवगन ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव में बड़ा देव कमरूनाग के आगमन के साथ ही पारंपरिक धार्मिक विधियां प्रारंभ हो जाती हैं। उन्होंने बताया कि अन्य देवी-देवताओं का आगमन भी आरंभ हो चुका है और देवी-देवताओं के आशीर्वाद से महोत्सव का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न होगा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का आयोजन 16 से 22 फरवरी तक किया जाएगा, जिसमें जनपद के 216 देवी-देवताओं को आमंत्रित किया गया है। महोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने आमजन से भी महोत्सव में भाग लेकर देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया।
इससे पूर्व शिवरात्रि मेला समिति द्वारा गठित स्वागत समिति ने पुलघराट में बड़ा देव कमरूनाग का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया। इस अवसर पर सर्व देवता समिति के प्रधान शिव पाल शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।