“हमारे बच्चे डॉक्टर बनना चाहते हैं पर विज्ञान पढ़ाने वाला ही नहीं” – अभिभावक
देवभूमि न्यूज
ब्यूरो कुल्लू
जिला कुल्लू के दुर्गम क्षेत्र में स्थित राजकीय उच्च विद्यालय, सिहण में पिछले लगभग 4 वर्षों से TGT मेडिकल का पद रिक्त चल रहा है। पद खाली होने से विद्यालय में विज्ञान और जीव विज्ञान की पढ़ाई पूरी तरह ठप है।
इस शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय में कुल 122 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं। लेकिन योग्य अध्यापक न होने के कारण 6वीं से 10वीं तक के बच्चों को विज्ञान के प्रैक्टिकल और थ्योरी दोनों में दिक्कतें आ रही हैं।
स्थानीय अभिभावको ने कहा, “हमारे बच्चे डॉक्टर और नर्स बनना चाहते हैं, लेकिन स्कूल में 4 साल से विज्ञान पढ़ाने वाला टीचर ही नहीं है। बोर्ड की परीक्षा सिर पर है और बच्चों को ट्यूशन के लिए भी कुल्लू जाना पड़ता है जो बहुत महंगा पड़ता है।”
अभिभावकों ने बताया, कि”बार-बार DEE ऑफिस और BEEO को लिखित शिकायत दी, लेकिन आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई। सरकार बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा देती है, लेकिन यहां तो पढ़ाई के लिए टीचर ही नहीं हैं।”
ग्रामीणों ने उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कुल्लू से मांग की है कि छात्रहित को देखते हुए स्कूल में TGT मेडिकल की जल्द नियुक्ति की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर 1 महीने के अंदर पद नहीं भरा गया तो अभिभावक शिक्षा विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।
इस संबंध में जब प्रधानाचार्य से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामले को कई बार उच्च अधिकारियों को लिखा जा चुका है।