कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24
शिलाई:हिमाचल प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम राज्य कर्मचारी संघ के राज्य स्तरीय चुनाव 12 जुलाई 2026 को हमीरपुर में शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और लोकतांत्रिक वातावरण में संपन्न हुए। चुनाव परिणामों में पहली बार जिला सिरमौर को कर्मचारी संघ का प्रदेश अध्यक्ष पद मिलने से इतिहास रच गया। शिलाई तहसील की मिल्ला पंचायत निवासी जगत सिंह ठाकुर प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि हमीरपुर निवासी अरुण राव महासचिव चुने गए।
राज्य स्तरीय चुनाव में निगम के प्रधान कार्यालय, सात क्षेत्रीय कार्यालयों, तीन उप-क्षेत्रीय कार्यालयों, 121 थोक भंडारों, 54 एलपीजी एजेंसियों और चार पेट्रोल पंपों के करीब 350 कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगत सिंह ठाकुर वर्तमान में राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के क्षेत्रीय कार्यालय सोलन में वरिष्ठ सहायक (लेखा) के पद पर कार्यरत हैं। अपनी सरल, स्वच्छ छवि और व्यवहार कुशलता के कारण वे निगम कर्मचारियों के बीच लोकप्रिय माने जाते हैं। कड़े मुकाबले वाले चुनाव में उनकी जीत को कर्मचारियों के विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।
वहीं, महासचिव चुने गए अरुण राव वर्तमान में क्षेत्रीय कार्यालय मंडी में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और मूल रूप से जिला हमीरपुर के निवासी हैं।
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष जगत सिंह ठाकुर ने प्रदेशभर के कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की सभी न्यायोचित मांगों को निगम प्रबंधन और हिमाचल प्रदेश सरकार के समक्ष मजबूती और सकारात्मक सोच के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारी हितों की रक्षा, निगम के विकास तथा उसकी साख को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से कार्य किया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी कर्मचारियों से कार्यस्थल पर उत्कृष्ट कार्य संस्कृति, समर्पण और पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जगत सिंह ठाकुर और अरुण राव ने चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हमीरपुर क्षेत्र कर्मचारी संघ के अध्यक्ष अमित शर्मा तथा उनकी पूरी टीम का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हमीरपुर क्षेत्र के कर्मचारियों द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत, सहयोग और उत्कृष्ट आतिथ्य ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें प्रदेशभर से पहुंचे कर्मचारियों ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।