विधायक विनय कुमार ने मंच को लेकर जनता को गुमराह किया, माफी मांगें: प्रताप सिंह रावत

Share this post

कार्तिकेय तोमर
देवभूमि न्यूज 24

नाहन:सिरमौर भाजपा के जिला प्रवक्ता प्रताप सिंह रावत ने यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव ओ.पी. ठाकुर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें प्रतिक्रिया देने से पहले रेणुका के कांग्रेस विधायक विनय कुमार का पूरा भाषण सुनना चाहिए था और उसके बाद उनका बयान भी पूरी तरह पढ़ना चाहिए था।
रावत ने आरोप लगाया कि ग्राम पंचायत सत्ताहन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक विनय कुमार ने स्थानीय लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जिस मंच पर कार्यक्रम हो रहा है, उसके लिए उन्होंने धनराशि उपलब्ध कराई है। रावत का कहना है कि संभवतः मंच पर लगे पर्दों के कारण विधायक को सांसद का शिलापट्ट दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते उन्होंने जनता के सामने गलत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में विधायक को स्थानीय जनता से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि उक्त मंच के निर्माण के लिए दो लाख रुपये की राशि शिमला संसदीय क्षेत्र के सांसद सुरेश कश्यप द्वारा उपलब्ध कराई गई थी और इसका बोर्ड मंच पर स्पष्ट रूप से लगा हुआ है।
प्रताप सिंह रावत ने ओ.पी. ठाकुर को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि गेहल पंचायत की जनता ने उन्हें केवल कांग्रेस का समर्थन करने के लिए नहीं, बल्कि पंचायत के विकास के लिए प्रधान चुना है। उन्होंने कहा कि पंचायत प्रधान पूरे क्षेत्र का प्रतिनिधि होता है और उसे सभी राजनीतिक दलों के लोगों का सम्मान करते हुए मर्यादित भाषा का प्रयोग करना चाहिए।
रावत ने कहा कि उनके बयान में केवल मंच के निर्माण का उल्लेख किया गया था, जबकि ओ.पी. ठाकुर जानबूझकर साझा प्रांगण का मुद्दा उठाकर जनता का ध्यान भटकाने और विधायक विनय कुमार के कथित झूठ को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तथ्यों के आधार पर राजनीति होनी चाहिए, न कि भ्रामक बयानबाजी के सहारे।