पालमपुर के कारोबारी निशांत कुमार शर्मा को पुलिस मुख्यालय का नोटिस, 15 दिन में सरकारी खाते में राशि जमा करने के निर्देश
देवभूमि न्यूज 24
शिमला : हिमाचल प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने पालमपुर के प्रमुख कारोबारी निशांत कुमार शर्मा को सुरक्षा व्यवस्था पर हुए 68,60,502 रुपये के सरकारी खर्च की वसूली के लिए औपचारिक नोटिस जारी किया है। पुलिस ने उन्हें पूरी राशि सरकारी खाते में जमा करने के लिए 15 दिनों की समय-सीमा दी है।
जानकारी के अनुसार निशांत शर्मा और उनके परिवार को 16 नवंबर 2023 से पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई थी। इस दौरान हिमाचल प्रदेश पुलिस की विभिन्न इकाइयों के जवानों को उनकी सुरक्षा में तैनात किया जाता रहा। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के वेतन और अन्य व्यवस्थाओं पर सरकार की ओर से यह राशि खर्च हुई।
सुरक्षा जारी रखने और इस पर हुए सरकारी खर्च से जुड़े कानूनी पहलुओं की समीक्षा के लिए 5 अगस्त 2026 को संयुक्त सुरक्षा समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) की अध्यक्षता में हुई बैठक में मामले की विस्तृत समीक्षा की गई।
समिति ने निर्णय लिया कि निशांत शर्मा की सुरक्षा पर अब तक हुआ 68.60 लाख रुपये का पूरा सरकारी खर्च उन्हीं से वसूल किया जाएगा। इसी निर्णय के आधार पर पुलिस मुख्यालय ने वसूली का नोटिस जारी करते हुए 15 दिन के भीतर भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।
उधर कारोबारी निशांत शर्मा ने बताया कि 68 लाख के रिकवरी नोटिस को लेकर वह अदालत का सहारा लेंगे
DGP से खतरे का हवाला देकर ली सुरक्षा, अब 68.60 लाख रुपये चुकाने होंगे








