देवभूमि न्यूज 24
शिमला : वर्तमान कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश की आय बढ़ाने के नाम पर लॉटरी बहाल करने के फैसले को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। शिमला में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने लॉटरी के दुष्परिणामों पर विचार किए बिना यह निर्णय लिया है, जो प्रदेश को बर्बादी की राह पर ले जा सकता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल देवभूमि है और यहां की संस्कृति के विपरीत सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश में लॉटरी सिस्टम बंद किया गया था, तब भाजपा की सरकार थी। इसे बंद करने के पीछे मुख्य कारण यह था कि लॉटरी की लत के चलते कई लोगों के घर बिक गए, जमीन गिरवी रखनी पड़ी और लोगों ने अपने जेवर तक बेचने शुरू कर दिए थे।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को एक बार इसकी आदत लग जाए तो उसे छोड़ना मुश्किल होता है। उन्होंने इसकी तुलना चिट्टे और अन्य नशों से करते हुए कहा कि लॉटरी से कुछ लोगों की आर्थिक स्थिति भले ही सुधरे, लेकिन अधिकांश परिवारों को इसका नुकसान उठाना पड़ता है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि सब कुछ जानते हुए भी सरकार लोगों के घर-परिवार बर्बाद करने वाला सिस्टम लाने पर तुली हुई है। उन्होंने कहा कि लॉटरी शुरू करने के लिए जो लोग जोर लगा रहे हैं, उनकी भूमिका भी जांच का विषय होनी चाहिए।
जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार के इस फैसले से प्रदेशहित के बजाय निजी हित साधे जाने की मंशा जाहिर हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जिस कंपनी को यह काम दिया जा रहा है, उसके पीछे भी मुख्यमंत्री की मित्र मंडली काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर इस पूरे मामले की जांच करवाई जाएगी और लॉटरी व्यवस्था को बंद कर लोगों को बर्बादी की राह पर जाने से रोका जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश इस समय चिट्टे जैसे घातक नशे की गिरफ्त में है, जिसने हजारों परिवारों और युवा पीढ़ी को प्रभावित किया है। ऐसे समय में सरकार का पूरा ध्यान नशे के खात्मे पर होना चाहिए, न कि लॉटरी जैसे सिस्टम को दोबारा शुरू करने पर। उन्होंने सरकार से लॉटरी व्यवस्था को तत्काल बंद करने की मांग की।
महिला मोर्चा की बहनों ने जयराम ठाकुर को बांधी राखी
रक्षाबंधन के अवसर पर शिमला महिला मोर्चा की बहनों ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को राखी बांधकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। जयराम ठाकुर ने इस स्नेह और आत्मीयता के लिए सभी बहनों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश के समस्त प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।








