देवभूमि न्यूज 24
शिमला : हिमाचल प्रदेश के 3214 राजकीय प्राइमरी स्कूल और 101 राजकीय मिडल स्कूल एक-एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। इसके अलावा 393 प्राइमरी और तीन मिडल स्कूलों में डेप्यूटेशन पर आए शिक्षक सेवाएं दे रहे हैं। यह जानकारी विधानसभा के मानसून सत्र में भाजपा विधायकों पवन काजल, डॉ. हंसराज, जेआर कटवाल और दलीप ठाकुर के सवाल के जवाब में सामने आई।
शिक्षा विभाग में जेबीटी के 4019 पद खाली हैं। प्रदेश के प्राइमरी स्कूलों में जेबीटी के कुल 20,116 पद स्वीकृत हैं। इसी तरह टीजीटी मेडिकल, नॉन मेडिकल और आर्ट्स के 1190 पद रिक्त चल रहे हैं। सरकार टीजीटी के 764 पदों को भरने की प्रक्रिया चला रही है। इनमें 13 पद बैचवाइज भरे जाएंगे।
प्रदेश में बीएड पास 65,254 बेरोजगार युवा रोजगार कार्यालयों में पंजीकृत हैं। वहीं जेबीटी पास बेरोजगार युवाओं की संख्या 16,028 है। विधानसभा में पूछे गए सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री ने यह जानकारी दी।
तीन साल में हिमाचल में आए भूकंप के 67 झटके, चंबा-लाहौल-कुल्लू-मंडी में अधिक असर
शिमला भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील पांचवें जोन में आने वाले हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन वर्षों के दौरान 67 छोटे-बड़े भूकंप दर्ज किए गए हैं। राहत की बात यह है कि इन भूकंपों से किसी व्यक्ति की जान नहीं गई, हालांकि संपत्ति को सात लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
विधानसभा के मानसून सत्र में भरमौर से भाजपा विधायक डॉ. जनकराज के अतारांकित सवाल के जवाब में यह जानकारी सामने आई। प्रदेश में सबसे अधिक भूकंप चंबा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और मंडी जिलों में दर्ज किए गए हैं।
हिमाचल में मेल-फीमेल हेल्थ वर्कर्स के 3534 पद खाली, आशा कार्यकर्ता नहीं होंगी नियमित
शिमला :हिमाचल प्रदेश में महिला और पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के कुल 3534 पद रिक्त चल रहे हैं। इनमें फीमेल हेल्थ वर्कर्स के 1610 और मेल हेल्थ वर्कर्स के 1924 पद खाली हैं। इससे स्वास्थ्य विभाग में कर्मचारियों की कमी का पता चलता है।
विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार का आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने का फिलहाल कोई विचार नहीं है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि आशा कार्यकर्ताओं को नियमित करने के संबंध में अभी कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
हिमाचल के 3214 प्राइमरी स्कूल एक शिक्षक के सहारे, 65 हजार से अधिक बीएड बेरोजगार








